दिलावर का कांग्रेस पर हमला “पेपर लीक नहीं, बेचे गए”, पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत का दावा

BHILWARA
Spread the love


भीलवाड़ा प्रवास में शिक्षा मंत्री ने किया पौधारोपण, मंदिरों में दर्शन; जर्जर स्कूलों के पुनर्निर्माण और तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों पर भी बोले

भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर शनिवार को एक दिवसीय भीलवाड़ा दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन करने के साथ विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और सरकारी स्कूलों की स्थिति, शिक्षा व्यवस्था, पंचायती राज चुनाव तथा कांग्रेस शासन को लेकर बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में होने वाले आगामी पंचायती राज चुनाव में भाजपा का परचम लहराएगा।


दिलावर ने कहा कि पंचायती राज और निकाय चुनाव को लेकर सरकार पूरी तरह तैयार है। ओबीसी आयोग अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप चुका है। अब चुनाव कार्यक्रम और नोटिफिकेशन जारी करना चुनाव आयोग का काम है। आयोग उचित समय पर चुनाव की घोषणा करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक चुनाव समाप्त होते ही अगले चुनाव की तैयारियों में जुट जाती है।
“पेपर लीक नहीं हुए, पेपर बेचे गए”
पत्रकारों से बातचीत में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि गहलोत और डोटासरा “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचने” जैसी स्थिति में हैं।


दिलावर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि उस समय पेपर लीक की बात नहीं थी, बल्कि “पेपर बेचे गए”। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार में पेपर बेचकर फंड जुटाने का काम हुआ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के नाम पर प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया। उनके अनुसार, कई हिंदी माध्यम स्कूलों की इमारतों पर अंग्रेजी माध्यम के बोर्ड लगा दिए गए, लेकिन अंदर व्यवस्थाएं अंग्रेजी माध्यम स्कूलों जैसी नहीं थीं। दिलावर ने कहा कि वर्तमान सरकार सरकारी स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और अंग्रेजी माध्यम जैसी व्यवस्थाएं विकसित करने का प्रयास कर रही है।


84 हजार कक्षों की मरम्मत का दावा
शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के जर्जर सरकारी स्कूल भवनों के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई स्कूल भवन 40 से लेकर 100 वर्ष तक पुराने हैं और पिछली सरकारों ने इनकी ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया।
दिलावर ने दावा किया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में करीब 84 हजार कमरों की मरम्मत की आवश्यकता है। सरकार चरणबद्ध तरीके से इन कमरों की मरम्मत और नए निर्माण का काम कर रही है। इसके लिए सरकारी बजट के साथ दानदाताओं और भामाशाहों का सहयोग भी लिया जाएगा।
उन्होंने भीलवाड़ा जिले को लेकर कहा कि आगामी छह माह में जिले के सभी जर्जर सरकारी स्कूलों को लेकर कार्रवाई पूरी करने का लक्ष्य है। जहां आवश्यक होगा, जर्जर भवनों को ध्वस्त कर नए भवन बनाए जाएंगे तथा अन्य भवनों की मरम्मत कराई जाएगी।
तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों पर बोले“आश्वासन जरूर पूरा करेंगे”
तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण के सवाल पर दिलावर ने कहा कि सरकार ने जो आश्वासन दिया है, उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की इस मांग को लेकर सरकार गंभीर है और उचित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान में लिया हिस्सा
दिलावर ने भीलवाड़ा शहर के तिलकनगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में भाजपा शास्त्री मंडल के तत्वावधान में आयोजित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पेड़ धरती मां का श्रृंगार हैं और इन्हें बचाए रखना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण को केवल फोटो खिंचवाने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि पौधा लगाने के बाद उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में लोगों को ऑक्सीजन के महत्व का सबसे अधिक अहसास हुआ। ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण अनेक लोगों की जान गई। यही वजह है कि ऑक्सीजन को प्राण वायु कहा जाता है। उन्होंने आमजन से वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
दिलावर ने पेड़ों की उपयोगिता बताते हुए कहा कि पेड़ प्रदूषण कम करने के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने दावा किया कि एक पेड़ एक वर्ष में बड़ी आर्थिक कीमत के बराबर ऑक्सीजन उपलब्ध कराता है।
उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि भारत में प्रति व्यक्ति करीब 28 और राजस्थान में करीब 25 पेड़ हैं, जबकि पर्याप्त ऑक्सीजन संतुलन के लिए प्रति व्यक्ति 472 पेड़ों की आवश्यकता बताई जाती है। उन्होंने कहा कि पेड़ों की कमी के कारण पर्यावरण असंतुलन बढ़ रहा है और इसका सीधा असर मानव स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
धानमंडी स्कूल में पौधारोपण, वार्ड 51 में चिकित्सा शिविर देखा
शिक्षा मंत्री ने धानमंडी स्थित राजकीय विद्यालय में भी पौधारोपण किया। उन्होंने विद्यार्थियों और आमजन से पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान सीडीईओ अरुणा गारू सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद दिलावर ने वार्ड 51 में आयोजित चिकित्सा शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से शिविर में उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। पूर्व पार्षद उदयलाल तेली ने उनका स्वागत किया।
मंदिरों में किए दर्शन, संत से लिया आशीर्वाद
भीलवाड़ा प्रवास की शुरुआत में मंत्री मदन दिलावर आरसी व्यास कॉलोनी स्थित पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने अवस्थी से मुलाकात की। इस दौरान पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। दिलावर करीब एक घंटे तक वहां रुके और विभिन्न राजनीतिक एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।
इसके बाद वे माणिक्य नगर स्थित रामद्वारा पहुंचे, जहां चातुर्मास कर रहे आचार्य श्री रामदयाल जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। पूर्व विधायक अवस्थी भी इस दौरान उनके साथ रहे।
मंत्री हरनी महादेव मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। यहां पूर्व पार्षद शंकर जाट ने उनका स्वागत किया। इसके अलावा वार्ड 51 स्थित बड़लेश्वर महादेव मंदिर में भी उन्होंने दर्शन किए।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
पौधारोपण एवं अन्य कार्यक्रमों में भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, शास्त्री मंडल अध्यक्ष रमेश खोईवाल, जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया सहित भाजपा के अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शास्त्री मंडल महामंत्री शंकर जाट, हरीश सालवी, राजकुमार आंचलिया, शंशाक बिड़ला, यशोवर्धन सेन, राजकुमार घावरी, सावन दिया, पिंटू राव, राहुल बना, सुरेश जीनगर, विनोद खोईवाल, निर्मला सोनी, शिवानी भरावा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।