*द्वितीय सोमवार को शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव*

BHILWARA
Spread the love



*झालरा महादेव मंदिर व दादू द्वारा तपस्वी अखाड़ा के शिवालय में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक*

*फोकस भीलवाड़ा न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*

श्रावण मास के द्वितीय सोमवार को बनेड़ा क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ की भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। क्षेत्र के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। भक्तों ने भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शिवलिंग पर जल, दूध एवं बेलपत्र अर्पित किए। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठे।

बनेड़ा के झालरा महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। भक्तों ने बेलपत्र, दूध एवं जल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

वहीं दादू द्वारा तपस्वी अखाड़ा, सरदार नगर परिसर स्थित शिवालय में भी श्रावण सोमवार के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। महंत रामदास महाराज एवं समाजसेवी रामप्रसाद कुमावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर बेलपत्र, दूध एवं जल चढ़ाकर भगवान शिव का अभिषेक किया। भक्तों ने श्रद्धाभाव से भगवान भोलेनाथ की पूजा कर आरती की तथा क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।

श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व होने के कारण सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। सुबह से ही मंदिरों में ॐ नमः शिवाय के जाप और हर-हर महादेव के जयकारे सुनाई देते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति एवं सर्वजन मंगल की कामना की।

श्रावण मास के द्वितीय सोमवार पर बनेड़ा क्षेत्र के शिवालयों में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा।