तीन दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन, धरना-प्रदर्शन व चक्काजाम की चेतावनी
भीलवाड़ा। ग्राम रूपपुरा, थाना शक्करगढ़ क्षेत्र निवासी 14 वर्षीय कैलाश गुर्जर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को गुर्जर समाज की ओर से जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया कि कैलाश की 26 जुलाई को खेत पर पानी में डूबने से मौत हुई थी। परिजनों ने मामले में उसके परिचित शंकर धाकड़ सहित अन्य लोगों पर कैलाश को खेत पर ले जाकर मारपीट करने और पानी में डुबोकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। साथ ही पूर्व में कैलाश को मानसिक रूप से परेशान किए जाने तथा घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका व्यक्त की गई है।
समाज ने मांग की कि मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, शाहपुरा से करवाई जाए तथा काछोला पुलिस को निर्देश देकर नामजद एवं संदिग्ध आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। साथ ही घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि तीन दिवस के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं निष्पक्ष जांच की कार्रवाई नहीं हुई तो गुर्जर समाज लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन, धरना-प्रदर्शन एवं चक्काजाम करने को मजबूर होगा। समाज ने पुलिस-प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई कर मृतक परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
