*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा। वाल्मीकि समाज की विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस ब्रिगेड ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। नगर अध्यक्ष भूपेन्द्र (कुणाल) गोरण के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी और वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधि कलेक्ट्रेट पहुंचे और समाज के अधिकारों तथा सम्मान से जुड़े मुद्दों पर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
नगर अध्यक्ष गोरण ने कहा कि वाल्मीकि समाज लंबे समय से सफाई एवं संबंधित भर्तियों में अपने उचित अधिकार और प्राथमिकता की मांग करता आ रहा है। उन्होंने सरकार से भर्ती नियमों में आवश्यक संशोधन कर समाज के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से सफाई एवं संबंधित भर्ती प्रक्रियाओं में वाल्मीकि समाज के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने, संविदा भर्ती व्यवस्था समाप्त कर स्थायी सीधी भर्ती करने, अनुभव प्रमाण-पत्र की अनिवार्यता खत्म करने तथा लॉटरी सिस्टम के स्थान पर साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया अपनाने की मांग की गई। इसके अलावा कर्मचारियों और अभ्यर्थियों के वेतन में बढ़ोतरी कर सम्मानजनक मानदेय देने की भी मांग उठाई गई।
गोरण ने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार ने इन मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो अखिल भारतीय कांग्रेस ब्रिगेड वाल्मीकि समाज के हक और अधिकारों के लिए आंदोलन तेज करेगी।
इस दौरान जिलाध्यक्ष राकेश देसाई, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण लोट, बबलू गोरण, रामलाल गोयर, मुरली गोरण, भगवती लाल लोट, अमरचंद गारू, कान्हा सिंगोलिया, विक्रम चन्नाल, नवनीत चन्नाल, मानसिंह आर्या, अविनाश गोरण, अजय आर्य, सुशील नकवाल, शिव घावरी, निखिल खोखर, गोविन्द चन्नाल, विजेश गेंगट, बल्लू बरेसा, शंकर चन्नाल, रोहित गोरण, शंकर कचोटिया, विवेक देसाई, अंकित खोखर, राहुल अटवाल, रोहित आदिवाल, अभिषेक गारू सहित संगठन के पदाधिकारी एवं समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
