*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा। गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर भीलवाड़ा शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ किया और आहुतियां देकर सरकार से गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग उठाई।

यह कार्यक्रम पूर्व राज्य मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत किया गया। कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ पैदल मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। यहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए और यज्ञ में आहुतियां दीं।

इस दौरान जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि गाय भारतीय संस्कृति, परंपरा और ग्रामीण जीवन का अभिन्न हिस्सा है। भारतीय समाज में गाय को सदैव माता के समान सम्मान और श्रद्धा दी गई है। करोड़ों भारतीयों की आस्था और भावनाएं गौ माता से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में गौ माता के धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं आर्थिक महत्व तथा जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उसे राष्ट्रमाता घोषित करने की दिशा में संवैधानिक एवं वैधानिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम उर्फ जीपी खटीक ने कहा कि धीरज गुर्जर के जन्मदिन के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है। कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और सद्बुद्धि यज्ञ में आहुतियां दीं।
उन्होंने कहा कि यज्ञ के माध्यम से भगवान से प्रार्थना की गई कि सरकार को गौ माता के सम्मान में उचित निर्णय लेने की सद्बुद्धि मिले और उसे राष्ट्रमाता घोषित करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया जाए। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी इस मांग को लगातार उठाती रहेगी।
