आसींद । उपखंड मुख्यालय आसींद में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय एवं भव्य रूप से मनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। समारोह के मुख्य आयोजन स्थल अमृत भारती पब्लिक स्कूल मैदान में उपखंड स्तरीय तैयारियों के तहत परेड, पीटी (PT) और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अभ्यास (रिहर्सल) शुरू हो गया है।
परेड और पीटी का सघन अभ्यास
मैदान में क्षेत्र के सरकारी व निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। ड्रम और बैंड की धुन पर स्कूली छात्र-छात्राएं मार्च पास्ट करते हुए कदमताल मिला रहे हैं। इसके साथ ही शारीरिक व्यायाम (पीटी), सामूहिक ड्रिल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लगातार अभ्यास कराया जा रहा है ताकि मुख्य समारोह के दिन शानदार प्रस्तुतियां दी जा सकें।
अभ्यास सत्र के दौरान वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक चन्द्र प्रकाश राव , शारीरिक शिक्षक बरकतुल्लाह ,दिनेश शर्मा सहित अन्य शारीरिक शिक्षक ग्राउंड पर उपस्थित रहकर विद्यार्थियों को परेड के नियम, अनुशासन और सही तालमेल का प्रशिक्षण दे रहे हैं। मैदान में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा है और पूरा माहौल देशभक्ति के रंगों में रंगा हुआ नजर आ रहा है।
