हुणाखेड़ा में सावर पुलिस और माइनिंग विभाग की बड़ी कार्रवाई, 80 टन अवैध बजरी जब्त

BHILWARA
Spread the love



कार्रवाई का विरोध करने पर 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, महिलाओं ने जेसीबी के आगे लेटकर रोकने का किया प्रयास

दिलखुश मीना

सावर(अजमेर)@सावर थाना क्षेत्र की आमली ग्राम पंचायत के हुणाखेड़ा में सोमवार शाम अवैध बजरी के स्टॉक के खिलाफ सावर पुलिस और माइनिंग विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने चारागाह एवं सार्वजनिक भूमि पर अलग-अलग स्थानों पर किए गए करीब 80 टन अवैध बजरी के स्टॉक को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान कथित रूप से बजरी माफियाओं की ओर से टीम का विरोध किया गया। वहीं कुछ महिलाओं द्वारा लीजधारक की जेसीबी के आगे लेटकर कार्रवाई रोकने का प्रयास करने की बात भी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार रॉयल्टी कर्मचारियों को हुणाखेड़ा क्षेत्र में चारागाह एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध रूप से बजरी का स्टॉक किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद सावर थाना पुलिस एवं माइनिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। टीम ने विद्यालय के पीछे सहित चारागाह भूमि पर अलग-अलग स्थानों पर किए गए बजरी के स्टॉक की जांच की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 80 टन अवैध बजरी जब्त की। जब्त बजरी को लीजधारक के देवमड नाके पर भिजवाया गया।

रॉयल्टी कर्मचारी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज

सावर थाना अधिकारी बनवारी लाल मीणा ने बताया कि लीजधारक की सूचना पर हुणाखेड़ा क्षेत्र में अवैध बजरी खनन एवं स्टॉक के खिलाफ माइनिंग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कार्रवाई की गई। चारागाह एवं सार्वजनिक भूमि पर जगह-जगह बजरी का अवैध स्टॉक कर चोरी-छिपे बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी।
कार्रवाई के दौरान हुए विरोध को लेकर कंपनी के कर्मचारी एवं रॉयल्टी कर्मचारी श्रवण सिंह ने सावर थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अवैध खनन सहित अन्य धाराओं में 10 से 12 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। साथ ही विरोध में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।