*सावन के तीसरे सोमवार को तिलस्वां महादेव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब*

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया। नरेश धाकड़।

सावन माह के तीसरे सोमवार को प्रसिद्ध तिलस्वां महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की और क्षेत्र, प्रदेश व देश में सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना की।



तिलस्वां महादेव ट्रस्ट की ओर से भगवान महादेव का विशेष अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की गई। ट्रस्ट अध्यक्ष रमेश चंद अहीर एवं ट्रस्ट सचिव मांगीलाल धाकड़ ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से महादेव का अभिषेक कर क्षेत्र एवं देश में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।



उन्होंने बताया कि सावन माह में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट की ओर से पंडितों की व्यवस्था की गई है। पंडितों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निरंतर सेवा भाव से पूजा-अर्चना एवं अभिषेक करवाए जा रहे हैं। ट्रस्ट की ओर से पूरे सावन माह में श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।



श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रस्ट के सदस्यों के साथ प्रशासन की ओर से भी मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं पर निगरानी रखी गई। भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।



इधर, सावन के तीसरे सोमवार पर नर्वदेश्वर महादेव एवं मंदाकिनी महादेव बिजोलिया, कुकड़ेश्वर महादेव छोटी बिजोलिया, नीलकंठ महादेव गणेशपुरा तथा झरिया महादेव छोटे बिजोलिया सहित क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की।



सावन के तीसरे सोमवार को पूरे क्षेत्र के शिवालय हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठे। सुबह से शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और क्षेत्र का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया।