42 टीमों के 450 से ज्यादा खिलाड़ी उतरेंगे मैदान में, चार दिन चलेगी जिला स्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता

BHILWARA
Spread the love

70वीं जिला स्तरीय अंडर-17 व अंडर-19 नेटबॉल प्रतियोगिता का आगाज, खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन का आह्वान
भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी

खेल मैदान पर खिलाड़ियों के जोश और उत्साह के बीच रविवार को पीएमश्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बापू नगर में 70वीं जिला स्तरीय अंडर-17 एवं अंडर-19 छात्र-छात्रा नेटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में जिलेभर की 42 टीमों के 450 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार गग्गड़ रहे। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र सुथार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विभागीय प्रतिनिधि भैरूलाल जाट, तकनीकी सलाहकार रघुवीर सिंह कुमावत व पूनम जीनगर भी मंचासीन रहे। आयोजन की अध्यक्षता एवं आयोजन सचिव की जिम्मेदारी विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता नानकानी ने संभाली।
चार दिन मैदान पर दिखेगा खिलाड़ियों का दम
आयोजन सचिव सुनीता नानकानी ने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता में अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले विद्यालय के दोनों खेल मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बाहर से पहुंचे खिलाड़ियों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था विद्यालय छात्रावास, स्थानीय विद्यालय तथा राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय बापू नगर में की गई है।
गग्गड़ बोले- खेल भावना से करें प्रदर्शन
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार गग्गड़ ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि भीलवाड़ा जिला नेटबॉल के क्षेत्र में लगातार अच्छा प्रदर्शन करता रहा है। खिलाड़ियों को इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ मैदान में उतरना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को खेल भावना और ईमानदारी के साथ खेलने तथा अपने विद्यालय और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी के खेल प्रकोष्ठ के रोशन देवपुरा सहित स्थानीय विद्यालय की एसडीएमसी सदस्य एवं भामाशाह सुमित्रा वैष्णव, हंसा पारीक, लव कुमार जोशी और सुनीता स्वर्णकार मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुनीता जोशी एवं राधेश्याम रेगर ने किया।