17 वर्ष में 11 और 19 वर्ष में 15 टीमों ने लिया हिस्सा, उद्घाटन मैच में मेजबान टिटोड़ा जागीर ने देवेंता स्कूल को 40 रन से हराया
शक्करगढ़
टिटोड़ा जागीर में रविवार को क्रिकेट का रोमांच छाया रहा। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुरू हुई 70वीं जिला स्तरीय 17/19 वर्ष छात्रा क्रिकेट प्रतियोगिता में जिलेभर से पहुंचीं 393 बेटियों ने मैदान संभाला। 17 वर्ष आयु वर्ग में 11 और 19 वर्ष में 15 टीमों सहित कुल 26 टीमों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन अवसर पर मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना।
प्रतियोगिता का उद्घाटन तत्कालीन प्रधान प्रतिनिधि किशोर शर्मा ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। एसीबीईओ अभय सिंह मीणा ने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
मेजबान ने 40 रन से जीता उद्घाटन मैच
शारीरिक शिक्षक एवं एनआईएस क्रिकेट कोच विकास कुमार कंजर ने बताया कि उद्घाटन मुकाबला मेजबान टिटोड़ा जागीर और देवेंता इंटरनेशनल स्कूल भीलवाड़ा के बीच हुआ। देवेंता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। टिटोड़ा जागीर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 88 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवेंता की टीम मेजबान गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। टिटोड़ा जागीर ने 40 रन से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का विजयी आगाज किया।
प्रधानाचार्य रामलाल रैगर ने अतिथियों व खिलाड़ियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता संयोजक सोजीराम मीणा ने व्यवस्थाओं की जानकारी दी तथा कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य धर्मचंद मीणा ने किया। इस दौरान प्रधानाचार्य रामेश्वर प्रसाद मीणा, सत्यनारायण शर्मा, सोहन लाल नामा ,रामगोपाल शर्मा, रमेश कास्ट, रामकुंवार मीणा, राकेश खटीक, गणेश मिश्रा, बाबूलाल मीणा सहित ग्रामीण एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
