जूनियर में इंडियन पब्लिक स्कूल और सीनियर में स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल रहा प्रथम
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
भारत विकास परिषद की शाहपुरा शाखा के तत्वावधान में रविवार को आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहपुरा में तहसील स्तरीय ‘भारत को जानो प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारत के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं, महापुरुषों और विविध विषयों से जुड़े प्रश्नों का उत्साहपूर्वक उत्तर देते हुए अपने ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में 27 तथा सीनियर वर्ग में 26 टीमों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में इंडियन पब्लिक स्कूल, शाहपुरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल, शाहपुरा द्वितीय तथा आलोक पब्लिक स्कूल, शाहपुरा तृतीय स्थान पर रहा। इसी प्रकार सीनियर वर्ग में स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल, शाहपुरा ने प्रथम, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोरड़ा बावरियान ने द्वितीय तथा सिद्धार्थ इंटरनेशनल स्कूल, शाहपुरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न चरणों में पूछे गए प्रश्नों का आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया। ज्ञानवर्धक एवं रोचक प्रश्नों के बीच विद्यार्थियों में परिणाम को लेकर उत्सुकता बनी रही। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के इतिहास, संस्कृति, राष्ट्रीय विरासत एवं गौरवशाली परंपराओं के प्रति जानकारी बढ़ाने के साथ अध्ययन के प्रति रुचि और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जयदेव जोशी ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बालकृष्ण सोमानी एवं विशिष्ट अतिथि कमल कुमार बांगड़ उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए भारत की समृद्ध संस्कृति एवं विरासत के अध्ययन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
आयोजन को सफल बनाने में भारत विकास परिषद के सचिव सत्यनारायण सेन, कोषाध्यक्ष कैलाश गोठवाल, द्वारका प्रसाद जोशी, यशपाल पाटनी, जयशंकर पाराशर, राजेंद्र मूंदड़ा, महेश कुमार कोली, राजेंद्र कुमार मूंदड़ा एवं सुरेश वासवानी का सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन पवन कुमार बांगड़ ने किया।
18 अक्टूबर को होगा प्रांत स्तरीय आयोजन
शाखा अध्यक्ष पवन कुमार बांगड़ ने प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें आगामी प्रांत स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता के लिए तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 18 अक्टूबर 2026 को भारत विकास परिषद की शाहपुरा शाखा की ओर से किया जाएगा।
प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में भीलवाड़ा, राजसमंद, ब्यावर और अजमेर जिलों की विभिन्न शाखाओं से शाखा स्तर पर विजेता दल भाग लेंगे। शाहपुरा शाखा को प्रांत स्तरीय आयोजन की जिम्मेदारी मिलने से परिषद के कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है।
