25 वर्षीय युवा सरपंच शिवराज आचार्य ने संभाली फूलियाकलां पंचायत की कमान, विकास को बताया प्राथमिकता

617 मतों से जीतकर बने सरपंच, उपसरपंच सहित सभी 17 वार्ड पंचों ने भी ग्रहण किया पदभार

फूलियाकलां (प्रकाश तोषनीवाल)। पंचायत चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद फूलियाकलां के नवनिर्वाचित सरपंच शिवराज आचार्य ने सोमवार को शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ पदभार ग्रहण किया। उनके साथ उपसरपंच और सभी 17 वार्ड पंचों ने भी पंचायत की जिम्मेदारी संभाली। पदभार ग्रहण करते ही सरपंच ने गांव के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सभी वर्गों को साथ लेकर काम करने का संकल्प जताया।
सुबह सवा 10 बजे पंडितों के मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना के बाद शिवराज आचार्य ने सरपंच पद का कार्यभार संभाला। भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीर हाथ में लेकर ग्राम पंचायत भवन पहुंचे आचार्य ने भवन को प्रणाम कर परिसर में प्रवेश किया। इस अवसर पर विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने साफा बंधवाकर उनका स्वागत किया।
नवनिर्वाचित सरपंच आचार्य ने ग्रामीणों और मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जाएंगे। नियमित सफाई, चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने, सड़कों और नालियों के निर्माण सहित बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनका लक्ष्य फूलियाकलां को आदर्श ग्राम पंचायत बनाना है।
गौरतलब है कि पंचायत चुनाव में 25 वर्षीय शिवराज आचार्य ने पूर्व उपसरपंच हरिसिंह जाट और पूर्व सरपंच किशनलाल गोदारा जैसे राजनीतिक दिग्गजों को शिकस्त देकर 617 मतों से जीत हासिल की थी। कार्यक्रम में धनोप, सणगारी सहित आसपास की ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



