Bhilwara News

काछोला की नवनिर्वाचित सरपंच गीता देवी माली ने संभाला पदभार

विधायक गोपाल खंडेलवाल रहे मौजूद, प्रबुद्धजनों एवं ग्रामीणों ने दी बधाई और शुभकामनाएं

असलम रंगरेज

ग्राम पंचायत काछोला की नवनिर्वाचित सरपंच गीता देवी माली ने आज सोमवार, 2 नवंबर 2026 को प्रातः 11 बजे सब्जी मंडी ग्राउंड में आयोजित समारोह में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक गोपाल खंडेलवाल सहित वार्ड पंचों, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासियों की गरिमामय उपस्थिति रही।
पदभार ग्रहण समारोह में क्षेत्रीय विधायक गोपाल खंडेलवाल ने नवनिर्वाचित सरपंच गीता देवी माली को नवीन जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के सर्वांगीण विकास, जनहित के कार्यों तथा ग्रामीणों की समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए। साथ ही ग्रामीणों का विश्वास बनाए रखते हुए ऐसे विकास कार्य करवाने का प्रयास करना चाहिए, जिससे काछोला ग्राम पंचायत विकास के क्षेत्र में अग्रणी बन सके।
समारोह में उपस्थित प्रबुद्धजनों एवं ग्रामीणों ने भी नवनिर्वाचित सरपंच को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में गांव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान होगा।
सरपंच गीता देवी माली ने ग्रामीणों के विश्वास और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए ग्राम पंचायत के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सभी के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंच एवं वार्ड पंचों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!