मेला भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मेल-मिलाप का द्योतक

सात दिवसीय गंगापुर विशाल मेले का भव्य समापन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उमड़ा जनसैलाब
गंगापुर। नगर पालिका गंगापुर द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशाल मेले का भव्य समापन समारोह रविवार को उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। मेले में मनोरंजन, व्यापार, खरीदारी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामाजिक मेल-मिलाप का अनूठा संगम देखने को मिला। गंगापुर सहित आसपास के करीब 25 से 30 किलोमीटर क्षेत्र के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचे।
मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, झूले, डॉलर चकरी सहित मनोरंजन के अनेक साधन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। शाम होते ही मेला परिसर लोगों की भीड़ से गुलजार हो जाता था। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने परिवार के साथ मेले का आनंद लिया और जमकर खरीदारी की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
नगर पालिका द्वारा मेले के दौरान आयोजित संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। 27 अक्टूबर को स्थानीय कलाकारों द्वारा राजस्थानी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। 28 अक्टूबर को आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में तारक मेहता का उल्टा चश्मा की कलाकार बावरी मोनिका भदौरिया ने शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
29 अक्टूबर को राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा एवं रतन राव की भजन संध्या आयोजित हुई, जिसमें श्रद्धालु एवं श्रोता भजनों पर झूम उठे। 30 अक्टूबर को राजस्थानी लोक गायक एवं रैपर रैपरिया बालम की संगीतमय प्रस्तुति ने युवाओं सहित सभी दर्शकों को खूब आकर्षित किया। वहीं 31 अक्टूबर को विनीत चौहान, सुनील व्यास, राजकुमार बादल, पूनम वर्मा, दीपक पारीक, पार्थ नवीन, बद्री बसंत मूमल राजगोपाल की सहभागिता से शानदार कवि सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें हास्य, व्यंग्य और काव्य की प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।
मेला भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक
समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि गंगापुर का विशाल मेला केवल मनोरंजन और व्यापार का आयोजन नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मेल-मिलाप का द्योतक है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के बावजूद मेले में जिस प्रकार बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी, वह मेले की लोकप्रियता को दर्शाती है।
उन्होंने आगामी वर्षों में मेले को और अधिक भव्य बनाने तथा दुकानदारों, झूला संचालकों एवं मेलार्थियों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करने की आवश्यकता जताई।
दुकानदारों की मांग पर एक दिन बढ़ाया मेला
मेले में दुकानदारों की विशेष मांग को देखते हुए नगर पालिका मंडल द्वारा मेले की अवधि एक दिन के लिए और बढ़ाई गई। इससे दुकानदारों के साथ-साथ मेलार्थियों में भी उत्साह देखने को मिला। नगर पालिका द्वारा पूरे मेले के दौरान बिजली, पानी, सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए गए।
पालिका मंडल के प्रयासों की हुई सराहना
समापन समारोह में उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने विशाल मेले के सफल आयोजन के लिए नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति लखन काकाणी, उपाध्यक्ष रश्मि चौहान एवं समस्त पार्षदों के प्रयासों की खुलकर सराहना की।
गौरतलब है कि इस वर्ष विशाल मेले का आयोजन विभिन्न प्रशासनिक परिस्थितियों के कारण आसान नहीं था। इसके बावजूद पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों ने मेला आयोजित कराने को लेकर लगातार प्रयास किए तथा अधिशासी अधिकारी, उपखंड अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों के साथ बार-बार बैठकें कर मेले के आयोजन की मांग रखी। पालिका मंडल के निरंतर प्रयासों का परिणाम रहा कि गंगापुर में विशाल मेले का सफल आयोजन संभव हो सका।
जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
समापन समारोह में नगर पालिका पार्षद राम प्रसाद माली, प्रशांत कसारा, नवरत्न बेरवा, भोलाराम माली सहित कांग्रेस नेता शंकर लाल जाट, श्याम लाल पुरोहित, मुकेश चंदेल, लखन काकाणी, बालकिशन चंदेल, बंसीलाल रेगर, जगदीश चंद्र जाट, गहरी लाल जाट, रामकिशन अग्रवाल, भगवत सिंह सहित दिनेश चंद्र तेली धर्मेंद्र गहलोत गजेंद्र माली विजय चौहान अनेक जनप्रतिनिधि, कांग्रेस नेता, गणमान्य नागरिक, व्यापारी, दुकानदार एवं बड़ी संख्या में मेलार्थी उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गंगापुर का विशाल मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण आयोजन है। आगामी वर्षों में मेले को और अधिक भव्य, आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाते हुए स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आमजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
सात दिनों तक उत्सव, उमंग और उल्लास से सराबोर रहा गंगापुर विशाल मेला सुखद यादों के साथ संपन्न हुआ।



