BHILWARA

फूलियाकलां में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर दो छात्र नेताओं का आमरण अनशन शुरू



सीएचसी में स्थायी डॉक्टर, पेयजल, अवैध खनन पर रोक, स्कूल भवन निर्माण और शिक्षकों की नियुक्ति की मांग

फूलियाकलां। प्रकाश तोषनीवाल

कस्बे की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार सुबह दो छात्र नेता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के बाहर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठ गए। दोनों छात्र नेताओं ने प्रशासन और सरकार पर लंबे समय से मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार छात्र नेता शिवराज आचार्य और दिनेश माली सुबह करीब 9:15 बजे से पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठ गए। उनकी प्रमुख मांगों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थायी चिकित्सकों की नियुक्ति, कस्बे में नियमित पेयजल आपूर्ति, क्षेत्र में अवैध खनन पर तत्काल रोक, महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम राजकीय विद्यालय के भवन का निर्माण तथा श्री कल्याण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति शामिल हैं।

छात्र नेता शिवराज आचार्य ने बताया कि इन जनसमस्याओं को लेकर कई बार सरकार और प्रशासन को ज्ञापन एवं अन्य माध्यमों से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों और विद्यार्थियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जब तक सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आमरण अनशन जारी रहेगा। आंदोलन को स्थानीय ग्रामीणों का भी समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button