BHILWARA

डोरबेल बजाई तो झोलाछाप ने मासूम को पीटा, शरीर पर चोटों के निशान, एक कान से सुनाई देना हुआ बंद


एक झोलाछाप ने मासूम की इसलिए पिटाई कर दी, क्योंकि वो उसकी डोरबेल बजाकर भाग जाता था। बच्चा गिड़गिड़ाता रहा कि अब नहीं बजाऊंगा, कल से नहीं करूंगा, लेकिन आरोपी उसे फिर भी पीटता रहा।

मारपीट के कारण बच्चे को एक कान से सुनाई देना बंद हो गया है। मामला भीलवाड़ा के रायला कस्बे का 2 नवंबर का है। मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।



लगातार थप्पड़ मारता रहा आरोपी

झोलाछाप रणजीत मंडल का बीते 15 साल से रायला में प्राइवेट क्लिनिक है। जानकारी के अनुसार 2 नवंबर को उसने पड़ोस में रहने वाले एक 9 साल के मासूम की पिटाई कर दी।

मंडल का कहना है कि बच्चा डेली उसकी डोरबेल बजाकर भाग जाता है। रविवार को भी वो ऐसा की कर रहा था, लेकिन उसने उसे भागकर पकड़ लिया।


आरोपी ने घर से कुछ दूर पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान उसने बच्चे को 10 से ज्यादा थप्पड़ मारे।

बच्चे को सुनाई नहीं दे रहा है

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद बच्चे के पिता त्रिलोक लुहार ने पुलिस में शिकायत दी है। उसने बताया कि उनके बेटे ने पिछली गली में खेलते हुए रणजीत मंडल के घर की घंटी बजाई तो उसने बेरहमी से पिटाई की।

उसे एक कान से सुनाई नहीं दे रहा है। उसके शरीर पर भी चोटों के निशान हैं। त्रिलोक ने बताया कि उन्होंने सोमवार को पुलिस में शिकायत दी थी और पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज किया है।

रायला थाना प्रभारी बच्छराज ने बताया कि बच्चे के साथ झोलाछाप डॉक्टर द्वारा मारपीट करने की शिकायत मिली है। इसकी जांच कर रहे हैं।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!