BHILWARA

शाहपुरा जिला चिकित्सालय में मदर लैब का शुभारंभ, 145 जांचें निःशुल्क उपलब्ध

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा के जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देते हुए बुधवार को मदर लैब का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने फीता काटकर मदर लैब का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मदर लैब की शुरुआत से क्षेत्र के मरीजों को समय पर, सटीक और निःशुल्क जांच सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे इलाज की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार होगा।
विधायक डॉ. बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-ढाणी तक सुलभ और मजबूत किया जा रहा है। मदर लैब के माध्यम से शाहपुरा क्षेत्र के मरीजों को अब जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।



यह मदर लैब पीपीपी योजना के तहत आउटसोर्स मोड पर संचालित की जाएगी तथा इसे आधुनिक हब एवं स्पॉक मॉडल के आधार पर विकसित किया गया है। लैब में कुल 145 प्रकार की पैथोलॉजी जांचें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। खास बात यह है कि गंभीर, बुजुर्ग एवं असहाय मरीजों के लिए घर बैठे सैंपल कलेक्शन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें अस्पताल आने-जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।

उद्घाटन समारोह में आरएसएस चित्तौड़ प्रांत कार्यवाह डॉ. शंकरलाल माली ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इसे जनस्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी सुविधाएं आमजन के लिए वरदान साबित होंगी।

कार्यक्रम में लेब प्रभारी विपिन दीक्षित ने स्वागत किया। भाजपा पदाधिकारियों सहित चिकित्सालय का स्टाफ, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मदर लैब की स्थापना को शाहपुरा के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल बताया और इसके सफल संचालन की कामना की।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!