बिजोलिया।
मंडोल बांध के समीप स्थित गौ रक्षक शहीद श्री मुरलीधर बोहरा गौशाला परिसर में शनिवार को गौ रक्षक शहीद श्री मुरलीधर बोहरा की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित गौ सेवकों ने बोहरा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की।

सभा को संबोधित करते हुए गौशाला संचालक रामफूल धाकड़ ने बताया कि 20 दिसंबर 1999 को जोधपुर जिले के फलोदी रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी में हो रही गौ तस्करी की सूचना मिलने पर स्वर्गीय बोहरा अपने साथियों के साथ तत्काल स्टेशन पहुंचे। ट्रेन को रुकवाकर उसमें भरे 1784 गोवंश को मुक्त कराया गया, इसी दौरान तस्करों के हमले में मुरलीधर बोहरा वीरगति को प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि हम सभी को उनके पदचिन्हों पर चलते हुए गौ रक्षा एवं गौ सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।

इस अवसर पर गौशाला में सहयोग करने वाले भामाशाहों का सम्मान किया गया। पंकज को लगातार तीन वर्षों से पशु आहार भेंट करने हेतु, शंभूलाल माली को गौवंश के लिए छाया हेतु 10 टीनशेड भेंट करने पर तथा शंकर लाल धाकड़ व मदनलाल धाकड़ को गौशाला में पानी की सुविधा हेतु बोरिंग खुदवाने पर माल्यार्पण कर पगड़ी बंधवाकर समृद्धि चिन्ह भेंट किया गया।
सभा में आगामी 5 जनवरी को ऊपरमाल क्षेत्र के समस्त गौ प्रेमियों के साथ मिलकर उपखंड क्षेत्र के सभी राजस्व गांवों की चारागाह (गोचर) भूमि का सीमांकन कराकर अतिक्रमण मुक्त कराने हेतु उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देने का निर्णय भी लिया गया।
कार्यक्रम में निलेश सनाट्य, शैतान प्रजापत, उमेश शर्मा, आदर्श सोनी, आदित्य गौड़, हरीश देवानी, श्यामलाल गाडोलिया, दीपक गौड़, राहुल धाकड़, त्रिलोक सिंह पंवार, बाबूलाल नायक, सार्थक विजय, गज्जू लुहार, वरदान नायक, सागर दशलानियां, विनोद बंजारा सहित कई गौ सेवक उपस्थित रहे।
