बिजोलिया (नरेश धाकड़)।
मंडोल बांध गांव में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। रिश्तेदार से मिलने आए एक युवक पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी गई । इस घटना में युवक करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गया, जबकि उसकी बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा रेफर किया गया है।


जानकारी में सामने आया है की दिलीप पुत्र प्रकाश बंजारा (18 वर्ष), निवासी फतेहपुरा डाबी, अपने एक रिश्तेदार से मिलने मंडोल आया था। इसी दौरान मंडोल के पास एक परिचित के घर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद के बाद युवक और उसकी बाइक पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी गई।


घटना के बाद उठते धुएं को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि बाइक पूरी तरह जल चुकी थी और युवक के हाथ, पैर व पीठ झुलस चुके थे। घायल युवक को तत्काल उप जिला चिकित्सालय बिजोलिया ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अंसार खान ने युवक के लगभग 30 प्रतिशत तक झुलसने की पुष्टि की और उसे जिला अस्पताल भीलवाड़ा रेफर कर दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने मामला दर्ज नहीं कराया है ।
