शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा मूल के प्रवासी समाजसेवी राजेंद्र मेहता ने शिक्षा के क्षेत्र में जिले के लिए बड़ी पहल करते हुए मेधावी विद्यार्थियों हेतु अंतरराष्ट्रीय स्तर की छात्रवृत्ति योजना प्रारंभ की है। अमेरिका स्थित The SUN Mehta Education Foundation (USA) के संस्थापक व प्रायोजक राजेंद्र मेहता द्वारा यह छात्रवृत्ति डछप्ज् जयपुर में बी.टेक करने वाले छात्रों के लिए शुरू की गई है।


यह छात्रवृत्ति वर्ष 2026 से 2030 तक लागू रहेगी। इसके तहत हर वर्ष तीन विद्यार्थियों को चयनित किया जाएगा। प्रत्येक छात्र को ₹1 लाख प्रति वर्ष की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जो चार वर्षों तक जारी रहेगी। इस प्रकार एक विद्यार्थी को कुल ₹4 लाख की छात्रवृत्ति मिलेगी। छात्रवृत्ति का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा से जोड़ना है। खास बात यह है कि इसमें राजस्थान के मेवाड़ क्षेत्र के छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा भीलवाड़ा जिले के विद्यालयों से पढ़े विद्यार्थियों को विशेष वरीयता मिलेगी।

छात्रवृत्ति केवल उन्हीं विद्यार्थियों के लिए होगी जो वर्ष 2026 में नियमित प्रक्रिया के तहत डछप्ज् जयपुर में प्रवेश प्राप्त करेंगे। वर्तमान में अध्ययनरत छात्रों को इसमें शामिल नहीं किया गया है। चयन शैक्षणिक योग्यता और आर्थिक आवश्यकता के आधार पर होगा।
शाहपुरा के देवेंद्र बेली ने अपने मित्र के बारे में बताया कि राजेंद्र मेहता स्वयं 1972 बैच के शाहपुरा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थी रहे हैं। विदेश में रहते हुए भी उन्होंने अपनी जन्मभूमि शाहपुरा और भीलवाड़ा जिले से जुड़ाव बनाए रखा है। उनका कहना है कि “शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे समाज का वास्तविक विकास संभव है।”
इस छात्रवृत्ति से शाहपुरा सहित पूरे भीलवाड़ा जिले के विद्यार्थियों में तकनीकी शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह पैदा होगा। स्थानीय शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों ने इस पहल को जिले के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है।
छात्रवृत्ति की विस्तृत जानकारी व उद्देश्य जानने के लिए वेबसाइट
www.SunMehtaGivingMNIT.org
पर देखा जा सकता है।
