बिजोलिया। नरेश धाकड़ ।
होली, फुलडोल महोत्सव और रंग तेरस को लेकर थाना परिसर में आयोजित सीएलजी बैठक में कानून-व्यवस्था से लेकर ट्रैफिक सुधार और निगरानी तंत्र तक विस्तृत चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता थानाधिकारी सीआई स्वागत पांड्या ने की।

त्योहारों के दौरान चोराहो और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और गश्त बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बैठक में शहर में तेज रफ्तार और मॉडिफाइड वाहनों के बढ़ते चलन पर चिंता जताई गई। विशेष रूप से तेजाजी चौक से बूंदी रोड तक बेतरतीब पार्किंग और अव्यवस्थित यातायात पर कार्रवाई का निर्णय हुआ। नगर पालिका को ट्रैफिक लाइनिंग करवाने के निर्देश दिए गए हैं। पहले तीन दिन वाहन चालकों को समझाइश दी जाएगी, इसके बाद नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

मुख्य चौराहों पर हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना भी बनी। व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के सहयोग से निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नजर रखी जा सके।


थानाधिकारी पांड्या ने किराएदारों का अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव हैं। बैठक में अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल, एडवोकेट ओम प्रकाश शर्मा, रमेश गुरुजी, शक्ति नारायण शर्मा, वेद प्रकाश तिवारी, महेंद्र शक्तावत, इमरान हुसैन, असलम खोकर, देवेन्द्र लखारा, शिव चंद्रवाल, तुलसी रिजवानी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

