बिजोलिया के मुरलीधर बोहरा गौशाला में चारा संग्रह अभियान की तैयारी शुरू

BHILWARA
Spread the love


बिजौलियां। मंडोल बांध के पास स्थित गौरक्षक शहीद श्री मुरलीधर बोहरा गौशाला प्रांगण में गोवंश के लिए चारा–खाखला संग्रह अभियान को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौशाला में संरक्षित गोवंश के लिए वर्षभर के चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।



वर्तमान में गौशाला में लगभग 130 गोवंश की सेवा एवं समुचित देखभाल की जा रही है। इनमें अधिकांश निराश्रित, बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गौवंश शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि गौशाला में एक भी गाय दुधारू नहीं है, इसके बावजूद गौसेवक पूरी निष्ठा से उनकी सेवा में जुटे हुए हैं।


बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष गोवंश के भोजन के लिए लगभग 120 ट्रॉली गेहूं का भूसा एवं खाखला संग्रहित किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्र के किसान भाइयों से संपर्क कर उनसे गौमाता के भोजन हेतु सहयोग की अपील की जाएगी। साथ ही चारा परिवहन के लिए ट्रैक्टर किराया एवं श्रमिकों के भुगतान हेतु गोदान राशि के सहयोग के लिए भामाशाहों से भी संपर्क करने का निर्णय लिया गया।



बैठक में गौशाला संचालक रामफूल धाकड़, निलेश सन्नाढ्य, शंकर उस्ताद, शैतान प्रजापत, मदनलाल धाकड़, शंभूलाल माली, अनिल धाकड़, भैरूलाल भील सहित कई गौसेवक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर गौशाला के संचालन और गोसेवा को निरंतर मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।