*कल्याणी फाउंडेशन द्वारा “नारी 360 डिग्री” का आयोजन**संतुलन, सुरक्षा और स्वावलंबन पर हुआ महिलाओं से संवाद*

BHILWARA
Spread the love


भीलवाड़ा 6 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में कल्याणी फाउंडेशन द्वारा “नारी 360 डिग्री – संतुलन, सुरक्षा एवं स्वावलंबन” का भव्य आयोजन वरिष्ठ नागरिक भवन में सांसद दामोदर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। मुख्य वक्ता मनोचिकित्सक डॉ माया बोहरा थी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की राष्ट्रीय संगठन मंत्री ममता मोदानी, बीजेएस की प्रांतीय उपाध्यक्ष पुष्पा गोखरू एवं समाजसेविका सुमन बनवट उपस्थित रही एवं अध्यक्षता कल्याणी फाउंडेशन की अध्यक्ष दिव्या बोरदिया ने की।



*वर्क-लाइफ बैलेंस ही सफलता का असली आधार है – डॉ माया बोहरा*

आयोजन की मुख्य वक्ता इंदौर की सुविख्यात मनोवैज्ञानिक एवं मनोचिकित्सक डॉ. माया बोहरा ने कहा कि व्यापार हो, प्रोफेशन हो, नौकरी या समाज सेवा हर क्षेत्र में शिखर छूने की क्षमता महिलाओं में है। लेकिन सच्ची सफलता केवल कार्य में नहीं, बल्कि कार्य और जीवन के तालमेल में है। जब एक महिला अपनी महत्वाकांक्षाओं और परिवार के बीच सही संतुलन बनाना सीखती हैं, तभी स्वयं के मानसिक स्वास्थ्य और आत्म-विकास के लिए समय निकाल पाती हैं। एक संतुलित मन ही कार्य क्षेत्र में सही निर्णय और परिवार में खुशहाली लाता है। सामाजिक सक्रियता के साथ स्वयं के अस्तित्व को संवारना ही सशक्तिकरण का सार है। सफलता का पैमाना केवल आपकी उपलब्धियाँ नहीं, बल्कि वह आंतरिक शांति है जो आपके ‘स्व’ और ‘सपनों’ के बीच एक सुंदर संतुलन से पैदा होती है।

*महिलाएं जज्बे को जिंदा रख सकारात्मक सोच से आगे बढ़े – सांसद अग्रवाल*

कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि समय बदल रहा है। बेटियों को अभिशाप नहीं वरदान माना जाने लगा है। अब भारत की महिलाओं की ताकत बढ़ रही है, उनकी पहचान दुनियाभर में अपनी विशिष्ट छाप छोड़ रही है। उन्होंने महिलाओं से जज्बे को जिंदा रखते हुए सकारात्मक सोच से आगे बढ़ने का आह्वान किया।



कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि ममता मोदानी ने कहा कि आज महिलाएं व्यापार, नौकरी, प्रोफेशन के साथ सामाजिक क्षेत्र में सफलता के झंडे गाड़ रही है। पुष्पा गोखरू ने कहा कि महिलाओं की सफलता के पीछे उसके परिवार का भी बड़ा हाथ होता है तो वहीं परिवार को भी उसकी भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।  सुमन बनवट ने कहा कि कल्याणी फाउंडेशन महिलाओं को आगे लाने के लिए जो मिशन लेकर चल रही है उसमें हम सभी को अपना योगदान देना है।

*कल्याणी थीम सॉन्ग की हुई प्रभावी लॉन्चिंग*

नारी 360 डिग्री कार्यक्रम के दौरान ही कल्याणी फाउंडेशन के थीम सॉन्ग की भव्य लॉन्चिंग हुई। कल्याणी मेरा जोश है, कल्याणी मेरा मान है पर फाउंडेशन की सदस्यों ने आकर्षक प्रस्तुति दी तो समूचा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वहीं कार्यक्रम ने कवयित्री शालू जैन ने महिला सशक्तिकरण पर प्रभावी काव्य प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में महिला बाल विकास विभाग की अधिकारी गंगा दाधीच ने महिलाओं के लिए सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।



कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में फाउंडेशन की सदस्याओं सुमता जैन, प्रीति सिंगावत, सुरभि चोरडिया, प्रिया जैन, अलका बाबेल, कल्पना जैन का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में फाउंडेशन की सदस्याओं सहित शहर के विभिन्न महिला संगठनों की अध्यक्ष, मंत्री सहित गणमान्य महिलाएं उपस्थित रही।