बिगोद । मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत होड़ा में शनिवार को आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत विभिन्न पोस्टर, बैनर और स्लोगन का विमोचन क्षेत्रीय विधायक श्री गोपाल खंडेलवाल के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर विधायक ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए गांव को तंबाकू मुक्त और आदर्श बनाने का आह्वान किया।

तंबाकू मुक्त गांव बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है। भारत में हर वर्ष लगभग 10 लाख लोगों की मृत्यु तंबाकू के सेवन के कारण होती है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है”, इसलिए हमें अपनी आने वाली पीढ़ी को बचाने के लिए ग्राम पंचायत को पूरी तरह तंबाकू मुक्त बनाने का संकल्प लेना होगा। विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और ग्रामवासियों से इस योजना को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
क्या है आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना (18 मुख्य बिंदु)
कार्यक्रम के दौरान डॉ. ज्ञानेंद्र गोयल ने योजना के सभी 18 बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस योजना के तहत 18 से 70 वर्ष के नागरिकों का प्रकृति प्रशिक्षण, महिलाओं व किशोरियों की एनीमिया (रक्ताल्पता) जांच, शुगर-बीपी स्क्रीनिंग, टीबी मुक्त ग्राम, 100% टीकाकरण, औषधीय पौधों का उपयोग, पौधारोपण और वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच जैसे महत्वपूर्ण लक्ष्यों को शामिल किया गया है। विधायक जी ने जोर दिया कि स्वास्थ्य जागरूकता और स्वच्छ जीवन शैली अपनाकर ही गांव को ‘आदर्श’ बनाया जा सकता है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर भामाशाह शोभाग, ग्राम सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष रामेश्वर, प्रिंसिपल संतोष अग्रवाल, हेमंत जोशी, मुकेश व्यास, श्याम, सत्यनारायण शर्मा, हिम्मत जोशी, ग्राम विकास अधिकारी भारत सिंह देवड़ा, जलधारी मीणा (CHO), वीणा दमामी (आयुष नर्स), निकिता मीणा (ANM), रामप्रकाश बैरागी और योग प्रशिक्षक माया जोशी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
