मूर्ति अनावरण से पहले तेज हुई तैयारियां, बेंगु विधायक ने किया निरीक्षण

BHILWARA
Spread the love

मूर्ति अनावरण से पहले तेज हुई तैयारियां, बेंगु विधायक ने किया निरीक्षण

बिजौलिया । नरेश धाकड़

बिजौलिया में 4 अप्रैल को प्रस्तावित मांडलगढ़ के पूर्व विधायक स्वर्गीय विवेक धाकड़ की मूर्ति अनावरण समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही हैं। इसी क्रम में रविवार को बेंगु विधायक सुरेश धाकड़ ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने पर जोर देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम क्षेत्र के लिए गौरव का अवसर होगा। उन्होंने बताया कि बेंगु क्षेत्र के साथ-साथ मध्य प्रदेश से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता समारोह में शामिल होंगे, जिससे आयोजन का स्वरूप और भी विशाल होगा।

यह कार्यक्रम विवेक सुषमा धाकड़ स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट, नया गांव बिजौलिया के तत्वावधान में आदर्श धाकड़ विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में आयोजित किया जाएगा। ट्रस्ट द्वारा बीते कई दिनों से तैयारियों को लेकर व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।

बैठक में श्री धाकड़ महासभा युवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्जुन धाकड़, भीलवाड़ा के पूर्व जिला प्रमुख इंजीनियर कन्हैयालाल धाकड़ और ट्रस्ट की चेयरमैन दीपशिखा धाकड़ भी मौजूद रहे। सभी ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।

विधायक सुरेश धाकड़ ने यह भी बताया कि वे 29 मार्च को एक बार फिर बिजौलिया आकर तैयारियों का पुनः निरीक्षण करेंगे और मीडिया से बातचीत कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।

इस अवसर पर बिजौलिया उपप्रधान कैलाश धाकड़, सरपंच संघ अध्यक्ष मोहनलाल धाकड़, थड़ौदा सरपंच राजेश धाकड़, उपरमाल धाकड़ समाज अध्यक्ष मांगीलाल धाकड़, सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति अध्यक्ष औकारलाल धाकड़, ट्रस्ट कोषाध्यक्ष मोहनलाल धाकड़ सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की सफलता को लेकर सभी ने एकजुट होकर तैयारियों को गति देने का संकल्प लिया, वहीं ट्रस्ट पदाधिकारियों ने अतिथियों का आभार भी व्यक्त किया।