भीलवाड़ा-शाहपुरा मार्ग पर भीषण हादसा: बस-कार टक्कर के बाद बस पलटी, 37 घायल

BHILWARA
Spread the love

भीलवाड़ा-शाहपुरा मार्ग पर भीषण हादसा: बस-कार टक्कर के बाद बस पलटी, 37 घायल

भीलवाड़ा। जिले के भीलवाड़ा-शाहपुरा मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें 37 लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार निजी बस के अनियंत्रित होकर टाटा हैरियर कार से टकराने और फिर पलट जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों में बस यात्री और कार सवार दोनों शामिल हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।



जानकारी के अनुसार, हादसा शाहपुरा टोल से करीब एक किलोमीटर पहले रायपुर चौराहे के पास हुआ। भीलवाड़ा से देवली जा रही निजी बस को चालक तेज गति से चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर बने गहरे गड्ढे को बचाने के प्रयास में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा।

अनियंत्रित बस ने सामने से आ रही टाटा हैरियर कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। इसके बाद बस सड़क किनारे पलट गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पंहुची । एंबुलेंस के देर से पहुंचने पर पुलिस वाहन से तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। इस दौरान  4-5 चक्कर लगाकर कई घायलों को समय पर उपचार दिलवाया।

सभी घायलों को शाहपुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आधा दर्जन मरीजों को जिला अस्पताल भीलवाड़ा रेफर किया गया। शेष घायलों का उपचार शाहपुरा में जारी है।

हादसे में घायल हुए लोगों में पुष्पा कंवर (देवली), शौभाग सिंह (भीलवाड़ा), पायल कंवर (देवली), रामकुमार (झुंझुंनू), फातमा बैगम (फतेहपुर), महेंद्र मीणा (जहाजपुर), नीतू देवी (शाहपुरा), गोरा बंजारा, भगवत सिंह, गुड्डी कंवर, गोमा बंजारा, रिंका मीणा (टोंक), कोमल, भैंरू बैरवा, अंकित बैरवा, तनवीर अहमद, दुर्गा, हितेश बैरवा, चेतन, सुरेश, अनुराधा व पप्पू मोची सहित अन्य शामिल हैं। वहीं दो महिलाओं और दो पुरुषों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और सड़क पर गड्ढा हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।