जीव दया अभियान के तहत 100 पानी की टंकियां, पक्षी घर व परिंडे वितरित, सेवा कार्य में उमड़ा जनसमूह
जीवों की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म है – पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी
भीलवाड़ा, 24 मार्च 2026।
भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों एवं गौवंश की प्यास बुझाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय मानव अधिकार परिषद, भीलवाड़ा के तत्वाधान में संचालित “जीव दया अभियान” के अंतर्गत मंगलवार को कोठारी निवास, बायोस्कोप के पास, अजमेर रोड पर सेवा कार्य का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस दौरान 100 सीमेंट की पानी की टंकियों, गौ-पात्रों तथा पक्षियों के लिए परिंडे एवं घोंसलों (पक्षी घर) का निःशुल्क वितरण किया गया। इस पहल से शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में पशु-पक्षियों को गर्मी के दौरान राहत मिल सकेगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय मानव अधिकार परिषद का जीव दया अभियान अत्यंत प्रेरणादायक है। इस प्रकार के अभियान समाज में करुणा और संवेदनशीलता को बढ़ावा देते हैं। सभी को आगे आकर ऐसे कार्यों में भाग लेना चाहिए।
पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि “जीवों की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म है “गर्मी के समय पशु-पक्षियों के लिए जल की व्यवस्था करना अत्यंत आवश्यक है। यह अभियान समाज के लिए प्रेरणादायक है और इससे सेवा की भावना को बल मिलता है।”
विशिष्ट अतिथि जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौर एवं लायंस क्लब के अध्यक्ष एडवोकेट पवन पंवार ने कहा कि “ऐसे सेवा कार्य सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जो मानवता के मूल्यों को मजबूत करते हैं। इस अभियान से समाज में सह-अस्तित्व और सेवा की भावना को प्रोत्साहन मिलता है।
परिषद के जिला अध्यक्ष मनीष बम्ब एवं संरक्षक हेमंत कोठारी ने बताया कि परिषद द्वारा अब तक तीन चरणों में 300 से अधिक पानी की टंकियां व गौ-पात्रों का वितरण किया जा चुका है तथा यह अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा।
पूर्व सभापति मंजू पोखरना, टी.सी. बापना (को-डायरेक्टर, महावीर इंटरनेशनल), समाजसेवी ललित आंचलिया एवं प्रहलाद त्रिपाठी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की शुरुआत निवान नाबेड़ा द्वारा नवकार महामंत्र के उच्चारण से हुई, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिकता का संचार हुआ। वहीं गुणमाला बोहरा एवं निताश बूलिया ने भावपूर्ण गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।
कार्यक्रम में परिषद के शहर अध्यक्ष अंकित सोमानी, पूर्व पार्षद सुरेश बम्ब, हरीश हिंदुस्तानी, अर्पित नंदावत, विपिन जैन, जिला सचिव कमल वैशनानी, ललित बोहरा, अंकुर नाबेड़ा, लीला कोठारी, रजनी बापना, नेहा नाबेड़ा, निर्मल जैन, पप्पू बोहरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।
