विश्व क्षय रोग दिवस पर भीलवाड़ा में जागरूकता की अलख, “टीबी मुक्त भारत” के लिए 100 दिवसीय अभियान शुरू

BHILWARA
Spread the love

विश्व क्षय रोग दिवस पर भीलवाड़ा में जागरूकता की अलख, “टीबी मुक्त भारत” के लिए 100 दिवसीय अभियान शुरू

भीलवाड़ा । विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति (क्षय) भीलवाड़ा के तत्वावधान में जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस वर्ष की थीम “हाँ, हम टीबी का अंत कर सकते हैं भारत के नेतृत्व में, जनभागीदारी की शक्ति से” को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाया गया।

पूर्व संध्या पर सूचना केन्द्र चौराहे पर आकर्षक रंगोली के माध्यम से टीबी से बचाव और समय पर उपचार का संदेश दिया गया। मंगलवार को सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रदीप कटारिया ने क्षय निवारण केन्द्र से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में जीएनएम, एएनएम विद्यार्थियों व डीटीसी कर्मचारियों ने भाग लेकर शहर में जागरूकता का संदेश फैलाया।

ऑडियो क्लिप व माइकिंग के जरिए टीबी की जांच, बचाव और उपचार की जानकारी दी गई। रैली का समापन जिला क्षय निवारण केन्द्र पर हुआ, जहां डॉ. कटारिया ने वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी देते हुए जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि 24 मार्च से जिले में 100 दिवसीय “टीबी मुक्त भारत अभियान” शुरू किया गया है, जिसके तहत स्वास्थ्य केन्द्रों पर व्यापक जांच और मरीजों को समय पर उपचार से जोड़ा जाएगा। साथ ही स्कूलों, चिकित्सा संस्थानों और समुदाय स्तर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों व आमजन ने टीबी उन्मूलन का सामूहिक संकल्प लिया। एनटीईपी टीम द्वारा सूचना केन्द्र चौराहा व महात्मा गांधी अस्पताल में केनोपी लगाकर प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया।