शाहपुरा में मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, 90% से अधिक अंक लाने वालों को मिला सम्मान

BHILWARA
Spread the love


विधायक डॉ. लालाराम बेरवा की पहल—हर वर्ष होगा आयोजन, ₹1100 नगद, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया हौसला

शाहपुरा। मूलचंद पेसवानी
शाहपुरा क्षेत्र के कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज राम कोठी में  सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बेरवा की ओर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भीलवाड़ा जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौड़, विधायक डॉ. लालाराम बेरवा, शिक्षा विभाग के पूर्व उपनिदेशक तेजपाल उपाध्याय, आरएसएस के पूर्व जिला संघ चालक शंकर लाल तोषनीवाल एवं शिक्षाविद रमेश चंद्र गालरिया मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी मेधावी विद्यार्थियों को विधायक की ओर से ₹1100 नगद पुरस्कार, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने अपने संबोधन में कहा कि शाहपुरा क्षेत्र प्रारंभ से ही शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। इस वर्ष भी सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम बेहतर आने से यह उम्मीद जगी है कि आने वाला समय शाहपुरा के लिए उज्ज्वल भविष्य लेकर आएगा। उन्होंने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के लिए नियमित रूप से करियर काउंसलिंग की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि उनके भविष्य को बेहतर दिशा मिल सके।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि विधायक द्वारा किया गया यह प्रयास सराहनीय है। शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाओं का सम्मान निश्चित रूप से पूरे क्षेत्र का सम्मान है। उन्होंने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे समाज और क्षेत्र की उम्मीदों पर खरा उतरें।
पूर्व उपनिदेशक तेजपाल उपाध्याय ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा इस स्तर का परीक्षा परिणाम प्राप्त करना उन विद्यालयों की गुणवत्ता को दर्शाता है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की सराहना करते हुए सरकार एवं ऐसे प्रेरणादायक आयोजन के लिए शाहपुरा विधायक का आभार व्यक्त किया।
विधायक डॉ. लालाराम बेरवा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अब प्रतिवर्ष आयोजित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती रहे।
उन्होंने विशेष रूप से सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इन छात्रों ने उत्कृष्ट परिणाम देकर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यही विद्यार्थी भविष्य में समाज और देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।
समारोह में शाहपुरा के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। पूरे आयोजन का माहौल उत्साह और प्रेरणा से भरपूर रहा, जिसने विद्यार्थियों में आगे बढ़ने का नया जोश भर दिया।