थाने के सामने खुला नाला बना खतरा, दर्जनों वाहन फंसे – जिम्मेदार बेपरवाह

BHILWARA
Spread the love

बिजोलिया। शहर में प्रशासनिक लापरवाही का एक और मामला सामने आया है, जहां पुलिस थाने के ठीक सामने बना नाला आमजन के लिए मुसीबत का कारण बन गया है। लंबे समय तक अधूरा पड़ा रहने के बाद हाल ही में नाले का निर्माण कार्य पूरा कर इसे खोल दिया गया, लेकिन सुरक्षा के लिए आवश्यक जाली नहीं लगाई गई।

नाले पर सुरक्षा जाली नहीं होने से यहां आए दिन हादसे जैसे हालात बन रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, नाला खुलने के बाद से अब तक एक दर्जन से अधिक वाहन इसमें फंस चुके हैं। वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई बार नुकसान भी उठाना पड़ा है।

शिव मेवाड़ा और मनोज मालवीय ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद पालिका प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही नाले पर जाली नहीं लगाई गई तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाले पर सुरक्षा जाली लगाकर इस समस्या का समाधान किया जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।