खेल अकादमी में घटिया निर्माण का खुलासाविधायक का औचक निरीक्षण, काम तुरंत ठप

BHILWARA
Spread the love


लापरवाही पर विभाग और ठेकेदार कटघरे में
शाहपुरा, मूलचन्द पेसवानी

शाहपुरा माताजी का खेड़ा रोड पर बन रही खेल अकादमी अब खिलाड़ियों के सपनों का केंद्र कम और भ्रष्टाचार का अड्डा ज्यादा नजर आने लगी है। लंबे समय से घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की शिकायतें हवा में नहीं, हकीकत में थीं—लेकिन खेल विभाग और कार्यकारी एजेंसी ने आंखें मूंद रखी थीं। आखिरकार मामला तब गरमाया जब विधायक डॉ. लालाराम बैरवा खुद मौके पर पहुंचे और जो देखा, उसने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी।


औचक निरीक्षण में सामने आया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। घटिया सीमेंट, कमजोर मटेरियल और लापरवाह निर्माण—सब कुछ साफ नजर आया। यह वही अकादमी है, जहां क्षेत्र के युवाओं का भविष्य तराशा जाना है, लेकिन यहां तो उनके सपनों की नींव ही खोखली डाली जा रही थी।
विधायक डॉ. बैरवा ने मौके पर ही सख्त रुख अपनाते हुए निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया। रूडसिको के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और साफ कहा—“बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा।” उन्होंने जिला कलेक्टर से सीधे बात कर राजस्थान खेल परिषद से तुरंत कार्रवाई करने को कहा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब इतने दिनों से घटिया निर्माण जारी था, तो जिम्मेदार अधिकारी क्या कर रहे थे? क्या यह केवल लापरवाही है या फिर मिलीभगत की गंध भी है? स्थानीय लोगों में भी इसको लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि अगर समय रहते जांच नहीं हुई तो यह परियोजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगी।
विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि आगे से हर निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुसार ही होगा, वरना सख्त कदम उठाए जाएंगे।
शाहपुरा में यह मामला अब सिर्फ एक निर्माण कार्य की खामी नहीं, बल्कि सिस्टम की जवाबदेही पर बड़ा सवाल बन चुका है। अब देखना यह है कि जांच के नाम पर लीपापोती होती है या फिर वाकई दोषियों पर गाज गिरती है।