*फोकस भीलवाड़ा न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*
*
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “संगठन बढ़ाओ – लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत बनेड़ा में रविवार को एक भव्य एवं प्रभावी जन-जागरण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत करने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की विशेषता यह रही कि कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने वीडियो कॉल के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संगठन की मजबूती सबसे बड़ी प्राथमिकता है। कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आमजन तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और अभियान को हर गांव-ढाणी तक ले जाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक प्रत्याशी नरेन्द्र कुमार रेगर ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नगर निकाय चुनावों को टालना लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि चुनाव समय पर होना लोकतंत्र की आत्मा है और इसमें देरी करना जनता के अधिकारों का हनन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस मुद्दे को लेकर आमजन के बीच जाएं, जागरूकता फैलाएं और कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करें।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नारायण लाल गाडरी ने अपने उद्बोधन में संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। यदि कार्यकर्ता संगठित और सक्रिय रहेंगे, तो पार्टी को मजबूत होने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि बनेड़ा क्षेत्र में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। साथ ही हर पंचायत में वार्ड अध्यक्षों का गठन कर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
बैठक में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने की बात कही। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आमजन की आवाज उठाने वाली पार्टी रही है और आगे भी जनता के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी।
कार्यक्रम में अल्पसंख्यक ग्रामीण जिला अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद शाह, कैलाश भाटी, नरेंद्र गुर्जर, हरि लाल गुर्जर, अल्पसंख्यक प्रदेश सचिव आरिफ खान कायमखानी, सावत खान कायमखानी, गोवर्धन लाल बलाई, इमरान अंसारी, पवन गुर्जर, अनिल धाबाई, दीपक वैष्णव सहित कई वरिष्ठ व युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।
