टूटा एनीकट बना खतरा: लाखों की जल संरचना खस्ताहाल, हादसे का अंदेशा

BHILWARA
Spread the love



दीवारों में दरारें, कई हिस्से क्षतिग्रस्त; जिम्मेदारों की अनदेखी से बढ़ी चिंता

बड़लियास (रोशन वैष्णव)। बड़लियास व बरूदनी क्षेत्र के समीप बेड़च नदी पर बना एनीकट इन दिनों जर्जर हालत में पहुंच गया है। एनीकट की दीवारों में कई स्थानों पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं, वहीं कुछ हिस्से टूटकर गिर गए हैं। इसके चलते लगातार पानी का रिसाव हो रहा है और पूरी संरचना की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह एनीकट क्षेत्र में जल संचयन का प्रमुख साधन रहा है, जिससे आसपास के किसानों को सिंचाई में काफी लाभ मिलता था। लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं होने के कारण अब इसकी स्थिति बेहद खराब हो गई है।


मौके की तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि एनीकट के किनारों से पत्थर और कंक्रीट उखड़ चुके हैं। ऐसे हालात में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जनहानि की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को इसकी जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। एनीकट के क्षतिग्रस्त होने से न केवल जल संरक्षण प्रभावित हो रहा है, बल्कि आसपास के लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
मांग:
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द एनीकट की मरम्मत करवाने, सुरक्षा इंतजाम करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके।