24 घंटे में दूसरी बड़ी कार्रवाई, 45 किलो डोडा चूरा जब्त; दो तस्कर गिरफ्तार

BHILWARA
Spread the love



भीलवाड़ा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस थाना बिगोद ने 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए 45.050 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 6.75 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने कार्रवाई सीओ मांडलगढ़ बाबूलाल विश्नोई के सुपरविजन में 25 अप्रैल को की।

थाना बिगोद पुलिस द्वारा नाकाबंदी के दौरान मांडलगढ़ की ओर से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की मारूति सुजुकी स्विफ्ट तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गति बढ़ाकर रिको एरिया बिगोद की ओर वाहन भगा लिया।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध वाहन का पीछा किया। रिको एरिया में एक फैक्ट्री के पास कार छोड़कर चालक व साथी बनास नदी की ओर खेतों और जंगलों में भाग गए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 45.050 किलोग्राम डोडा चूरा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया गया। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने दोलाराम विश्नोई (23) निवासी धबा मेलवा, जिला जोधपुर तथा महेन्द्र विश्नोई (29) निवासी डोलीकला, जिला बालोतरा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।