*फोकस भीलवाड़ा न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*
राजस्थान में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे “एलईडी मोबाइल वैन ग्राम रथ अभियान” के तहत आज शाहपुरा क्षेत्र में “विकास रथ” यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने चमनपुरा ग्राम से हरी झंडी दिखाकर की।
इस मौके पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने इस पहल का गर्मजोशी से स्वागत किया।
विधायक डॉ. बैरवा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले किसानों, पशुपालकों और आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं की सही और विस्तृत जानकारी पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि यह एलईडी मोबाइल वैन अत्याधुनिक तकनीक से लैस है, जिसके माध्यम से वीडियो, ऑडियो और दृश्य सामग्री के जरिए योजनाओं की जानकारी सीधे गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी।
“विकास रथ” अभियान के तहत विभिन्न गांवों में जाकर लोगों को कृषि, पशुपालन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार और आधारभूत विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। इससे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने भी ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। वहीं ग्रामवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए सरकार का आभार जताया।
इस अवसर पर राजाधिराज बनेड़ा गोपाल चरण सिंह, लक्ष्मी लाल सोनी, बनेड़ा मंडल अध्यक्ष अशोक चेचाणी, भाजपा नेता भैरु लाल लक्षकार,एसडीएम श्रीकांत व्यास, बीडीओ गणेश जी, सरपंच माया देवी गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
यह अभियान ग्रामीण अंचलों में जन-जागरूकता बढ़ाने और विकास कार्यों को गति देने में अहम भूमिका निभाएगा।
