महर्षि गौतम संस्थान के तत्वावधान में तीन वर्गों में दिया जाएगा प्रशिक्षण
शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
महर्षि गौतम संस्थान शाहपुरा के तत्वावधान में शाहपुरा में एक विशेष संस्कार एवं आध्यात्मिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 17 से 31 मई तक किया जाएगा। यह शिविर महंत स्वामी श्री मणि महेश चैतन्य जी महाराज, रामस्नेही संत दिग्विजय रामजी एवं निंबार्क पीठाधीश्वर श्री श्याम शरण देवाचार्य जी के सान्निध्य में संपन्न होगा। आयोजन में सप्त ऋषि ज्योतिष वेधशाला राजस्थान तथा पशुपतिनाथ संस्कृत पाठशाला का सहयोग रहेगा। यह जानकारी आचार्य मनीष गौतम ने दी।
उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न आयु वर्गों को ध्यान में रखते हुए तीन अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। प्रथम वर्ग में 5 से 18 वर्ष तक के बालक एवं किशोर शामिल होंगे, द्वितीय वर्ग 18 वर्ष से अधिक आयु के वयस्क एवं वरिष्ठजनों के लिए रहेगा, जबकि तृतीय वर्ग विशेष रूप से महिलाओं एवं किशोरियों के लिए निर्धारित किया गया है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संध्या वंदन, गायत्री जप विधि, सांयकालीन पूजा एवं आरती की विधि सहित दैनिक जीवन को श्रेष्ठ एवं अनुशासित ढंग से जीने की कला सिखाई जाएगी। साथ ही भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि शिविर की विशेषता यह रहेगी कि प्रतिदिन सांयकाल एक घंटे का प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान विशेषज्ञों से प्राप्त कर सकेंगे। आयोजकों द्वारा शिविर के लिए पारंपरिक वेशभूषा अनिवार्य की गई है। पुरुष एवं बालकों के लिए श्वेत धोती-दुपट्टा तथा महिला एवं किशोरी वर्ग के लिए पीले एवं लाल रंग की पारंपरिक वेशभूषा निर्धारित की गई है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेकर भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा और आध्यात्मिक जीवनशैली को अपनाने का आह्वान किया है।
