पटरी पार कॉलोनियों में विकास कार्यों का जायजा : विधायक कोठारी ने दिए त्वरित निर्देश

BHILWARA
Spread the love


भीलवाड़ा, 2 मई।
भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने शनिवार बड़े सवेरे पटरी पार क्षेत्र की विभिन्न आवासीय कॉलोनियों का दौरा कर सड़क, नाला एवं संपर्क मार्गों से जुड़ी समस्याओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कार्य शीघ्र शुरू एवं पूर्ण करने को कहा। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), जल संसाधन विभाग ( पीएचईडी) एवं नगर विकास न्यास (यूआईटी) के अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक कोठारी ने सर्वप्रथम आजाद नगर स्थित विशाल मेगा मार्ट के सामने धर्म कांटे के निकट दो गलियों काl निरीक्षण किया। यहां नाली एवं सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके बाद वे डालडा मिल के पीछे ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र पहुंचे, जहां समाज कल्याण विभाग के महिला छात्रावास, जैन समाज छात्रावास एवं माहेश्वरी समाज भवन के  क्षेत्र की सड़कों और नालियों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने यूआईटी अधिकारियों को आवश्यक सड़क एवं नाली  निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी पटेल नगर के समीप अहिंसा विहार 1 और अहिंसा विहार 2 , श्री जी विहार , तेजा विहार एवं नगर वन क्षेत्र भी पहुंचे। यहां नाले पर क्रॉसिंग पुलिया एवं सड़कों के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी और यूआईटी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र से लक्ष्मी नगर एवं पुर क्षेत्र की संपर्क सड़कों को फोरलेन मार्ग से जोड़ने की योजना पर भी अधिकारियों से चर्चा की गई।
इसके बाद विधायक ने नर्मदा विहार संपर्क सड़क, आरटीओ कार्यालय के पास यातायात विभाग के ड्राइविंग लाइसेंस ट्रैक की  संपर्क सड़क, द्वारका कॉलोनी से वृंदावन फ्लैट्स तक मिसिंग लिंक सड़क तथा रुक्मिणी एनक्लेव, एवरग्रीन कॉलोनी, विराट नगर एवं उगम विहार की संपर्क सड़कों के निर्माण को लेकर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
दौरे के दौरान विधायक कोठारी ने एवरग्रीन 80 फीट से 200 फीट रिंग रोड क्षेत्र में वर्षाकालीन जलभराव की समस्या का भी निरीक्षण किया। पांसल तालाब से आने वाले प्राकृतिक नाले के पानी की निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया तथा मुख्य सड़क से लगभग 500 मीटर पूर्व गौमाता सर्किल के पास  प्राकृतिक नाले के मिलान  के लिए 200फीट रोड पर क्रॉसिंग निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य के पूर्ण होने से बालाजी विहार ,नर्मदा  विहार ,उगम विहार एवं एवरग्रीन कॉलोनी क्षेत्र में वर्षाकाल में होने वाले  जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान संजय राठी एडवोकेट, अर्पित कोठारी, गजेंद्र सिंह राठौड़ एवं दिनेश सुथार भी साथ मौजूद रहे।