मांडलगढ़। क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने अब सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला 2-3 मई 2026 की रात का है, जब चोरों ने कॉलोनी स्थित शिव मंदिर को भी नहीं बख्शा। अज्ञात बदमाशों ने मंदिर की तिजोरी और अलमारी का ताला तोड़कर नगदी, पूजन सामग्री सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
सुबह जब श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो ताले टूटे मिले और अंदर पूजन सामग्री बिखरी पड़ी थी। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कॉलोनी के कर्मचारी मौके पर एकत्रित हो गए और मांडलगढ़ थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
गौरतलब है कि इससे पहले 20-21 अप्रैल 2026 की रात को भी चोरों ने इसी रेलवे कॉलोनी के 11 आवासों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात, सोना-चांदी और कीमती सामान चोरी कर लिया था। लेकिन अब तक पुलिस किसी भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई है। इससे चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
लगातार हो रही घटनाओं से रेलवे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। कर्मचारियों का कहना है कि अब वे छुट्टियों में अपने घर जाने से भी डर रहे हैं, क्योंकि पीछे से चोरी का खतरा बना रहता है। क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि गत वर्ष भी गेनोली रोड रेलवे कॉलोनी में कई बार चोरी की वारदातें हुई थीं। इसके अलावा हाल ही में परसोली रेलवे कॉलोनी में मोटरसाइकिल चोरी और बस्सी-बेरिसाल रेलवे कॉलोनी में भी चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। वर्ष 2024, 2025 और 2026 में लगातार हो रही इन वारदातों के बावजूद अब तक पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है।
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय कर्मचारियों और निवासियों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि कॉलोनी में रह रहे लोगों को राहत मिल सके।
