*बनेड़ा में भक्ति की गूंज: पधरावणी के साथ सत्संग प्रारंभ, आचार्य रामदयाल जी महाराज के प्रवचनों से श्रद्धालु भाव-विभोर*

BHILWARA
Spread the love



*फोकस भीलवाड़ा न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*

बनेड़ा में आयोजित तीन दिवसीय रामस्नेही सत्संग एवं प्रवचन कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार सुबह भव्य पधरावणी के साथ हुआ। अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय शाहपुरा पीठ के पीठाधीश्वर आचार्य श्री श्री 1008 श्री रामदयाल जी महाराज के आगमन पर ग्रामीणों ने बैण्ड-बाजों और पुष्प वर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। मोगरिया जी की हवेली में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पधरावणी के पश्चात आचार्य श्री रामदयाल जी महाराज ने धर्म, आध्यात्मिकता एवं नैतिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित प्रवचन दिए। उन्होंने मानव जीवन में सत्कर्म, सद्भाव और संयम के महत्व को रेखांकित करते हुए उपस्थित जनसमूह को सद्मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
इस दौरान आचार्य श्री ने श्रद्धालुओं को राम नाम का श्रवण कराते हुए भक्ति की महिमा बताई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। प्रवचनों के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और राम नाम की ध्वनि से परिसर गुंजायमान हो गया।
आयोजन के तहत प्रतिदिन प्रातः 8 से 10 बजे तथा सायं 8 से 10 बजे तक प्रवचन जारी रहेंगे। आयोजकों द्वारा व्यवस्थाएं सुचारू रूप से की गई हैं और क्षेत्र के लोगों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।