शाहपुरा विकास की तस्वीर अब पुस्तिका में… सीएम ने किया विमोचन”

BHILWARA
Spread the love


विधायक बैरवा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सामने रखा शाहपुरा का विकास विजन

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को अब एक खास दस्तावेज का रूप मिल गया है। विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर शाहपुरा क्षेत्र में पिछले दो वर्षों में हुए विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री के करकमलों से “शाहपुरा विकास पुस्तिका” का विमोचन भी कराया गया, जो अब क्षेत्र की विकास यात्रा का आईना मानी जा रही है।
विधायक डॉ. बैरवा ने बताया कि हाल ही प्रकाशित इस विकास पुस्तिका में शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों, प्रगतिशील योजनाओं और राज्य सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। पुस्तिका में सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, शहरी एवं ग्रामीण आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
राजनीतिक गलियारों में इस पुस्तिका को शाहपुरा के विकास मॉडल के रूप में देखा जा रहा है। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी पुस्तिका का अवलोकन करते हुए क्षेत्रीय विकास प्रयासों की सराहना की।
भेंट के दौरान विधायक बैरवा ने मुख्यमंत्री के समक्ष शाहपुरा क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकताओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से रखा। उन्होंने विभिन्न विकास प्रस्तावों के शीघ्र अनुमोदन एवं क्रियान्वयन की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की अभी और आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शाहपुरा के विकास को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा।
विधायक डॉ. बैरवा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग से शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और विकास को धरातल तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।