उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां, विपक्ष पर साधा निशाना
भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
भीलवाड़ा जिले के सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के रायपुर में आयोजित 59 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम ने राजनीतिक मायनों में चुनावी माहौल को गरमा दिया। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को मंच से जहां वर्तमान सरकार के ढाई साल के कार्यकाल को “अभूतपूर्व विकास” का दौर बताया, वहीं अप्रत्यक्ष रूप से पूर्ववर्ती सरकार पर विकास की अनदेखी के आरोप भी लगाए।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि पहले क्षेत्र में सड़कों की हालत खराब थी, स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित थीं और आधारभूत ढांचा कमजोर था, लेकिन अब सरकार ने गांव से लेकर शहर तक विकास की नई तस्वीर पेश की है। उनका यह बयान आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संकेत देते हुए कहा कि लोकतंत्र में सही जनप्रतिनिधि का चयन ही विकास की निरंतरता सुनिश्चित करता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे आने वाले चुनावों में बढ़-चढ़कर भाग लें और विकास को गति देने वाली सरकार का साथ दें। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह अपील सीधे तौर पर मतदाताओं को साधने का प्रयास है।
कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने भी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रमुखता से रखा। सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक लादूलाल पितलिया और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनहितकारी बताते हुए विपक्ष पर विकास कार्यों में बाधा डालने के आरोप लगाए।
इस दौरान विभिन्न विभागों के करोड़ों रुपये के कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया, जिसमें सार्वजनिक निर्माण, जलदाय, शिक्षा, चिकित्सा, बिजली और पशुपालन जैसे विभाग शामिल रहे। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को चाबियां सौंपकर सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
राजनीतिक दृष्टि से देखा जाए तो यह कार्यक्रम केवल विकास कार्यों का उद्घाटन नहीं, बल्कि चुनावी माहौल में भाजपा की ताकत दिखाने और मतदाताओं को साधने का बड़ा मंच भी साबित हुआ। आने वाले चुनावों को देखते हुए इस तरह के कार्यक्रमों से प्रदेश में सियासी सरगर्मी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
