भाजपा का नाम बदलकर भारतीय झालमुडी पार्टी कर दिया
भाजपा के सार्वजनिक कार्यक्रम में मंच से सीडीईओ ने किया भाजपा का गुणगान, कांग्रेस ने बनाया इसे मुद्दा सरकार के खिलाफ उतरेगी सड़कों पर
जिला शिक्षा अधिकारी शाहपुरा रहते हुए भी आए थे विवादों में, 8 महीने रहे एपीओ
डॉ. चेतन ठठेरा स्वतंत्र पत्रकार
जयपुर। राजस्थान में शिक्षा विभाग में यह क्या हो रहा है मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी स्तर के अधिकारी ही भारतीय जनता पार्टी के सार्वजनिक कार्यक्रम में खुले मंच से भारतीय जनता पार्टी का गुणगान और बखान कर रहे हैं और पार्टी के प्रति समर्पण रहने की सीख दे रहे हैं। इसे यूं कहे तो अतिशयोक्ति नहीं होगी कि अधिकारी सार्वजनिक मंच से ही अपने भाषण में भाजपा की राजनीति कर रहे हैं और विपक्षी दल कांग्रेस के प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक के नेता मौन बैठे हैं।
जी हां ऐसा ही कुछ घटित हुआ है मेवाड़ क्षेत्र के राजसमंद जिला मुख्यालय पर जहां जिले के खमनोर ब्लॉक के पीएम श्री महात्मा गांधी राज के विद्यालय गांव गुड़ा के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण समारोह 5 अप्रैल को उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा किया गया था इस कार्यक्रम को लेकर सार्वजनिक तौर पर आम सभा और मंच भी बनाया गया था इस मंच से भाजपा के कई नेताओं ने भी भाषण दिया इसी कड़ी में इस मंच से ही राजसमंद के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर बाल्दी ने भी भाषण दिया इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है हालांकि इस वायरल वीडियो कि हम पुष्टि नहीं करते हैं लेकिन मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने इस भाषण से राजस्थान सेवा आचरण नियमों का खुला उल्लंघन किया है और सरकार, कांग्रेस के नेता एवं शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारी मौन बैठे हुए हैं।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर लाल बाल्दी ने सार्वजनिक रूप से मंच से दिए गए भाषण के अंश इस प्रकार हैं।
सीडीईओ ने अपने भाषण में पश्चिम बंगाल के चुनावों में भाजपा की जीत, ममता की हार, 10 रुपए की झालमुड़ी का कमाल, भाजपा का लीडर अब वर्ल्ड लीडर जैसे विचारों पर केंद्रित रहा। उन्होंने पश्चिम बंगाल की विजय को सभी के लिए गौरवपूर्ण और हर्ष का विषय बताया।
सीडीईओ ने मंच से सनातन संस्कृति व धर्म के पुनर्जागरण की आशा व्यक्त करते हुए वर्ल्ड लीडर के नेतृत्व में भारत के विश्व गुरु बनने में कदमताल मिलाने की भावी पीढ़ी से अपील भी की। इस मौके पर पांडाल में जनप्रतिनिधि भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, विभिन्न विभागीय अधिकारियों व कार्मिकों एवं ग्रामीणों मौजूद थे।
अब बीजेपी का मतलब हो गया भारतीय झालमुड़ी पार्टी
सीडीईओ बाल्दी ने भाषण में कहा कि बंगाल की विजय हम सबके लिए गौरवपूर्ण है और हर्ष का विषय है। आज भारतीय जनता पार्टी अति प्रसन्न है और ये चुटुकला भी चल रहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने अपना नामकरण बदल दिया है। अब बीजेपी का मतलब हो गया है भारतीय झालमुड़ी पार्टी। आपको पता होगा, वीडियो देखा होगा, भारतीय जनता पार्टी के यशस्वी लीडर जो अब वर्ल्ड लीडर के रूप में पहचान बना चुके हैं। डिसीजन मेकर सशक्त नेतृत्व हमको भारत को मिला है।आज हिंदुस्तान का डंका विश्व में बज रहा है। उन्होंने पश्चिमी बंगाल में 10 रुपए की झालमुड़ी ली। वीडियो बहुत वायरल हुआ। और वो झालमुड़ी कमाल कर गई और ममता दीदी का राज सफाया हो गया। पूरब में भारतीय जनता पार्टी का परचम लहरा गया। और यह भारतीय जनता पार्टी ही है जो सनातन धर्म को, सनातन संस्कृति को, हिंदुस्तान को आगे बढ़ाया है। हमें अपनी प्राचीन संस्कृति को, प्राचीन विरासत को अक्षुण्ण रखना है। हम अपना गौरव भूल गए, हम अपना आत्म सम्मान भूल गए, स्वाभिमान विस्मृत हो गया और हम गुलामी की मानसिकता में आ गए।
अब ऐसा लीडर हमको मिला, ऐसा नेतृत्व हमको मिला, जिन्होंने हमारे आत्मविश्वास को जगा दिया। हमारे आत्म गौरव को बढ़ाया। ऊर्जा का संचार कर दिया। और आज हम सनातन संस्कृति के सशक्त पहरेदार बन गए हैं। जब सनातन संस्कृति आगे बढ़ेगी, तभी ये देश तरक्की करेगा।जो हमारा देश पूर्व में सर्वोच्च पद पर था, सोने की चिड़िया कहलाता था। जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी था, लेकिन गुलामी मानसिकता के कारण आक्रांताओं ने अपना साहित्य लूट लिया, हमारे मंदिर नष्ट कर दिए गए, संस्कृति को खत्म कर दिया और हम गुलामी की मानसिकता में आए गए, तब हमने अपना आत्मगौरव बुलाया। ऐसे समय में अब हमारा वर्ल्ड लीडर हमें सशक्त नेतृत्व दे रहा है।
पहले भी रहे विवादों में 8 महीने रहे एपीओ
विदित है कि रामेश्वर बाल्दी इससे पूर्व भी भीलवाड़ा से अलग होकर बने शाहपुरा जिले के जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर रहते हुए विवादों में आए थे और सरकार ने उन्हें एपीओ कर दिया था और वह लगभग 8 महीने तक एपीओ रहे उसके बाद मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर पदोन्नति होने पर उन्हें राजसमंद मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर लगाया गया था। बताया जाता है कि बाल्दी जून 2026 में राजकीय सेवा से सेवानिवृत हो रहे हैं।
इनकी जुबानी
मुझे जानकारी नहीं है आपने मुझे बताया है तो मैं देखता हूं।
राजेश यादव आईएएस
शिक्षा सचिव राजस्थान सरकार
इनकी जुबानी
मुझे जानकारी में नहीं है आपने मुझे बताया है तो मैं दिखाता हूं
सतीश गुप्ता
विशेषाधिकार शिक्षा मंत्री राजस्थान सरकार
इनकी जुबानी
राजकीय सेवा में रहते हुए किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में सार्वजनिक बयान देना सेवा नियमों के खिलाफ माना जाता है और शनिवार को मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन देकर सीडीईओ रामेश्वर बाल्दी के निलंबन और सख्त विभाग के कार्रवाई की मांग की जाएगी। अगर निलंबित नहीं किया जाता है और कार्रवाई नहीं की जाती है तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
आदित्य प्रताप सिंह
जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी जिला राजसमंद
