*फ़ोकस भीलवाड़ा न्यूज़, बनेड़ा | परमेश्वर दमामी*
डॉ. संजीव शर्मा ने गुरुवार को बनेड़ा स्थित ब्लॉक कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनेड़ा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, अस्पताल की व्यवस्थाओं तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने अस्पताल परिसर और ब्लॉक कार्यालय में साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परिसर की स्वच्छता, मरीजों की सुविधा तथा संक्रमण नियंत्रण के मानकों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की आधारशिला है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
प्रदेश में बढ़ती गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए डॉ. शर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आरक्षित बेडों, आवश्यक दवाओं, पेयजल, पंखों तथा अन्य जरूरी सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि हीट स्ट्रोक या गर्मी से प्रभावित मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा सभी आवश्यक संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें।
निरीक्षण के दौरान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सीएमएचओ ने एचपीवी वैक्सीन की उपलब्धता एवं उपलब्धि की जांच करते हुए टीकाकरण कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना के अंतर्गत मरीजों को निःशुल्क दवाओं की उपलब्धता तथा मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के तहत आवश्यक जांच सेवाओं की स्थिति का भी विस्तृत रिव्यू किया गया।
डॉ. शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, दवा उपलब्धता, जांच सेवाओं की गुणवत्ता तथा मरीजों की संतुष्टि पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान डॉ. बनवारी लाल यादव, विनय पाराशर सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सीएमएचओ ने कहा कि आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
