*आयुर्वेद को बढ़ावा देने पर दिया जोर*
भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
हरी भाऊ बागडे ने भीलवाड़ा जिले के विख्यात श्री नवग्रह आश्रम सेवा संस्थान द्वारा आयुर्वेद और पादप चिकित्सा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान सहित पूरे देश में आयुर्वेद को बढ़ावा देने की अभी और आवश्यकता है। उन्होंने निकट भविष्य में नवग्रह आश्रम का दौरा करने की इच्छा भी जताई।
राज्यपाल बागडे से बुधवार को जयपुर स्थित लोक भवन में श्री नवग्रह आश्रम सेवा संस्थान के अध्यक्ष हंसराज चौधरी, मीडिया प्रभारी मूलचंद पेशवानी तथा महाराजा कॉलेज जयपुर के प्राचार्य प्रोफेसर जी.पी. सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को नवग्रह आश्रम द्वारा प्रकाशित साहित्य एवं हंसराज चौधरी द्वारा लिखित हाल ही में प्रकाशित अंग्रेजी पुस्तक कैंसर थ्रू आर्युवेद लेंस भेंट की।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने हंसराज चौधरी से आयुर्वेद, पादप चिकित्सा पद्धति और विभिन्न रोगों के पारंपरिक उपचारों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति विशेष रुचि दिखाते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली में आयुर्वेद की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है और इसे जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
राज्यपाल बागडे ने श्री नवग्रह आश्रम आकर वहां संचालित आयुर्वेदिक अनुसंधान, औषधीय पौधों की जानकारी तथा अन्य सामाजिक एवं चिकित्सा गतिविधियों को करीब से देखने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आश्रम द्वारा किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। इस दौरान बदरी भड़ाना व कमलेश भी उपस्थित रहे।
