कल तेजाजी महाराज की मूर्ति, घोड़ी व स्वर्ण कलश की स्थापना होगी
सवाईपुर ( सांवर वैष्णव ):- सवाईपुर क्षेत्र के जाटों का सोपुरा गांव में तेजाजी महाराज के नवनिर्मित मंदिर में मूर्ति स्थापना एवं मंदिर शिखर पर स्वर्ण कलश की स्थापना महोत्सव में चौथे दिन रविवार को स्थापित देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर तेजाजी महाराज की मूर्ति व स्वर्ण कलश का सहस्त्रधारा अभिषेक किया गया । ग्रामीणों ने बताया कि तेजाजी महाराज के मंदिर का निर्माण पूर्ण होने पर 25 मई सोमवार को मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा व तेजाजी की घोड़ी स्थापना और मंदिर शिखर पर स्वर्ण कलश की स्थापना की जाएगी । इसको लेकर पांच दिवसीय पंच कुण्डीय विष्णु महायज्ञ एवं स्वर्ण कलश स्थापना की शुरुआत गुरुवार को कलशयात्रा के साथ हुई । चौथे दिन रविवार को प्रातः 8:15 बजे स्थापित देवी देवताओं का आहवान कर पूजा-अर्चना की । ज्योतिषाचार्य अम्बालाल जाट आरजिया ने बताया कि यज्ञाचार्य मुरलीधर शर्मा के सह पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ देवी-देवताओं की पूजा अर्चना की, इसके बाद पुरुष सूक्त का हवन हुआ, पांच हवन कुंडों पर 41 जोड़ों ने पुरुष युक्त की 23600 हजार आहुतियां लगाई । तेजाजी महाराज की मूर्ति का जलाधिवास, दुग्धाधिवास व शय्याधिवास करवाया गया । शनिवार रात्रि को भुरालाल एंड पार्टी के द्वारा अलगोजा की धुन पर तेजा गायन की प्रस्तुति दी, जिस पर भक्तगण भाव विभोर होकर नाचने झूमने लगे । वहीं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मेले में पहुंचे और डॉलर चकरी झूले का खुब आनंद लिया, ग्रामीण महिलाओं ने मेले में से जमकर खरीददारी की । पांच दिवसीय महायज्ञ की पूर्णाहुति कल सोमवार को प्रातः 7:00 बजे तेजाजी महाराज की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा व तेजाजी महाराज की घोड़ी की स्थापना एवं स्वर्ण कलश की स्थापना होगी ।।
