*ब्यूरो चीफ पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा (गुरला ) जिला प्रशासन के सख्त निर्देशों और सुरक्षा मानकों के बावजूद गुरला क्षेत्र स्थित श्रीनाथ एचपी फिलिंग स्टेशन पर नियमों की खुलेआम अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप परिसर में जहां एक ओर वेल्डिंग और निर्माण कार्य जारी है, वहीं दूसरी ओर उसी के समीप वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरा जा रहा है। लगातार उठ रही चिंगारियों के बीच ईंधन भरने की यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेट्रोल पंप पर इन दिनों शेड निर्माण का कार्य चल रहा है। वेल्डिंग मशीनों से निकल रही चिंगारियों के ठीक नीचे ईंधन भराई का काम बदस्तूर जारी है। पेट्रोल पंप जैसे अति संवेदनशील स्थल पर इस तरह की गतिविधियां सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जरा सी चूक हो जाए तो बड़ा विस्फोट या आगजनी हो सकती है, जिससे जानमाल का भारी नुकसान संभव है।
इतना ही नहीं, जिला कलेक्टर के आदेशों की भी खुलेआम अवहेलना की जा रही है। प्रशासन द्वारा खुले ड्रमों में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगाए जाने के बावजूद यहां ट्रैक्टरों में रखकर लाए गए बड़े-बड़े ड्रमों में धड़ल्ले से डीजल भरा जा रहा है। बताया जा रहा है कि बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था और मानकों के यह काम लंबे समय से जारी है।
स्थानीय नागरिकों ने इस मामले में प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस लापरवाही पर रोक नहीं लगी तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। अब निगाहें जिला प्रशासन और संबंधित विभागों पर टिकी हैं कि आखिर इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।
