शक्करगढ़
ग्राम बरोदा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के बाहर जलभराव की समस्या को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग ने सकारात्मक पहल करते हुए समाधान की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्रामीणों की ओर से दिए गए ज्ञापन के बाद बाल विकास परियोजना अधिकारी कुशाल सिंह राणावत ने मौके पर पहुंचकर केंद्र का निरीक्षण किया और समस्या के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने बताया था कि बारिश के कारण केंद्र के बाहर पानी भर जाने से बच्चों और गर्भवती महिलाओं को आवागमन में परेशानी हो रही है। शिकायत मिलते ही सीडीपीओ ने स्थिति का जायजा लिया तथा पंचायत समिति प्रशासन को पत्र लिखकर पानी की निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
निरीक्षण के दौरान केंद्र भवन की मरम्मत की आवश्यकता भी सामने आई। सीडीपीओ राणावत ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र के मरम्मत एवं सुधार कार्य के लिए 1 लाख 87 हजार रुपए की राशि स्वीकृत हो चुकी है। स्वीकृति के बाद जल्द ही कार्य प्रारंभ कराया जाएगा, जिससे केंद्र पर आने वाले बच्चों और महिलाओं को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
ग्रामीणों ने विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि जल निकासी और मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आंगनबाड़ी केंद्र क्षेत्र के बच्चों एवं मातृशक्ति के लिए और अधिक सुविधाजनक बन जाएगा।
