समाज सेवा को समर्पित व्यक्तित्व को भावभीनी श्रद्धांजलि

BHILWARA
Spread the love


स्व. जोता राम विधानी की 14वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, झूलेलाल मंदिर को भेंट किया जंबो कूलर

भीलवाड़ा-मूलचन्द पेसवानी
स्थानीय नाथद्वारा सराय स्थित भगवान झूलेलाल मंदिर में रविवार शाम पूज्य दादा हेमराजमल साहब सेवा समिति के तत्वावधान में सिंधी समाज के वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रेरणास्रोत स्वर्गीय जोता राम विधानी की 14वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजनों ने उपस्थित होकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके समाज सेवा के कार्यों को स्मरण किया।

सिंधी समाज के मीडिया प्रभारी मूलचंद बहरवानी ने बताया कि श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित सभी समाजबंधुओं ने स्वर्गीय विधानी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बताए सेवा एवं परोपकार के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

समिति के महामंत्री हरीश सखरानी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय जोता राम विधानी सिंध प्रांत की उस महान परंपरा के प्रतिनिधि थे, जिन्होंने अपने माता अम्मा भंभुल देवी एवं पिता स्वर्गीय लधा राम विधानी से मिले संस्कारों को जीवनभर समाज सेवा में समर्पित रखा। वे समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और समग्र विकास के लिए सदैव सक्रिय रहे तथा अपने कार्यों से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया।

उन्होंने बताया कि स्वर्गीय विधानी समाज की अनेक संस्थाओं के प्रमुख पदों पर रहकर नेतृत्व करते रहे और सामाजिक एकता, सहयोग तथा सेवा की भावना को मजबूत किया। उनकी स्मृति में पूज्य दादा हेमराजमल साहब सेवा समिति द्वारा झूलेलाल मंदिर में ग्रीष्म ऋतु के दौरान श्रद्धालुओं को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से एक जंबो कूलर भी भेंट किया गया, जिसकी समाजजनों ने सराहना की।

समिति के उपाध्यक्ष महेश खोतानी ने कहा कि स्वर्गीय विधानी के पुत्र एवं समिति के अध्यक्ष गुलशन कुमार विधानी भी अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए निरंतर समाज सेवा और परोपकार के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यह परिवार सेवा और समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत झूलेलाल मंदिर के महंत टेऊं राम भगत द्वारा स्वर्गीय विधानी के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। उन्होंने अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि स्वर्गीय विधानी अपने परिवार से भी अधिक समाज को महत्व देते थे और जीवनभर समाजहित के कार्यों में समर्पित रहे। उनके व्यक्तित्व की सादगी, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता आज भी समाज के लिए प्रेरणा है।

इस अवसर पर संगठन मंत्री नानक राम जेठानी ने कहा कि स्वर्गीय जोता राम विधानी जैसा व्यक्तित्व विरले ही जन्म लेता है और सिंधी समाज स्वयं को सौभाग्यशाली मानता है कि उसे ऐसा समर्पित समाजसेवी मिला, जिसने अपना संपूर्ण जीवन समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया।

श्रद्धांजलि सभा में मंघा राम भगत, राजकुमार केसवानी, गोर्धन जेठानी, अशोक केवलानी, कालू भगत, जगदीश नंदवानी, पवन ठाकुर, सतीश सोनी, मुकेश खोतानी, राजकुमार ठारवानी, लच्छू भाई, रोहित चीजनदास फतनानी, सतीश माखीजा, तुलसी निहालानी, डॉ. ली डॉडवानी, जितेंद्र कुमार, परमानंद तनवानी, लेखराज सहित सैकड़ों सिंधी समाजजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकता की भावना से ओतप्रोत रहा।