खाद की कालाबाजारी रोकने व पर्याप्त उपलब्धता की मांग, किसानों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया ( नरेश धाकड़ )

क्षेत्र में यूरिया, डीएपी एवं अन्य उर्वरकों की कथित कालाबाजारी, मनमाने दामों पर बिक्री और खाद की कमी को लेकर ऊपरमाल किसान पंचायत एवं क्षेत्र के किसानों ने गुरुवार को उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।



ज्ञापन में किसानों ने बताया कि खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों की मांग बढ़ने के बावजूद कई विक्रय केंद्रों पर किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। आरोप लगाया गया कि कुछ विक्रेता निर्धारित सरकारी दरों से अधिक कीमत वसूल रहे हैं तथा किसानों पर अन्य कृषि सामग्री खरीदने का दबाव भी बनाया जा रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसानों ने कहा कि वर्तमान समय बुवाई और फसल प्रबंधन का महत्वपूर्ण दौर है। ऐसे में समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से फसलों की वृद्धि, उत्पादन क्षमता और किसानों की आय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि कई केंद्रों पर मूल्य सूची और उपलब्ध स्टॉक का विवरण सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं किया जाता, जिससे किसानों को वास्तविक दरों की जानकारी नहीं मिल पाती।



ज्ञापन में प्रशासन से क्षेत्र में यूरिया, डीएपी एवं अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, खाद विक्रय केंद्रों की नियमित जांच कराने, कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा पारदर्शी वितरण व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। साथ ही किसानों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए हेल्पलाइन अथवा नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का भी आग्रह किया गया।

ऊपरमाल किसान पंचायत ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इसका असर क्षेत्र के कृषि उत्पादन पर पड़ सकता है। किसानों ने प्रशासन से प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर निर्धारित सरकारी दरों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।