ड्रग फैक्ट्री के अड्डे पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अवैध फार्म हाउस ध्वस्त

BHILWARA
Spread the love



जिले की सबसे बड़ी एमडी ड्रग्स कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग का एक्शन, खाताधारकों की मौजूदगी में हटाया अतिक्रमण

बिजौलिया। चंपापुर गांव की पहाड़ियों के बीच करोड़ों रुपये की एमडी ड्रग्स बरामदगी के बाद सुर्खियों में आए अवैध फार्म हाउस पर शनिवार को प्रशासन का बुलडोजर चल गया। राजस्व विभाग ने भूमि रिकॉर्ड और मौका रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए उस निर्माण को ध्वस्त कर दिया, जहां हाल ही में अवैध ड्रग फैक्ट्री संचालित होने का खुलासा हुआ था।



कार्रवाई के दौरान गिरदावर संजय पाराशर, पटवारी दिनेश चौधरी तथा भूमि के खाताधारक मौजूद रहे। राजस्व अमले ने मौके पर अतिक्रमण की पुष्टि के बाद अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया।



गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व बिजौलिया पुलिस ने चंपापुर की पहाड़ियों में संचालित एक गुप्त एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए करीब 36 किलोग्राम एमडीएमए, बड़ी मात्रा में केमिकल और ड्रग निर्माण में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए थे। जांच में सामने आया कि यह निर्माण 9 मूल खाताधारकों की जानकारी के बिना अतिक्रमण कर खड़ा किया गया था और बाद में इसे ड्रग कारोबारियों को किराए पर दिया गया था।

इस पूरे घटनाक्रम में कांस्या चौकी प्रभारी नरेश सुखवाल की सजगता और मजबूत सूचना तंत्र की भूमिका चर्चा का विषय बनी हुई है। विश्वसनीय सूचना के आधार पर शुरू हुई कार्रवाई ने जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई का रूप लिया। पुलिस द्वारा समय रहते दबिश देने से करोड़ों रुपये की ड्रग्स बाजार तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर ली गई।



नशे के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करने वाले नरेश सुखवाल के नेतृत्व में अब तक 15 से अधिक मादक पदार्थ तस्करी के मामलों का खुलासा हो चुका है। वहीं एक ही दिन में पांच अलग-अलग वाहनों पर कार्रवाई कर मादक पदार्थों की बरामदगी जैसी उल्लेखनीय उपलब्धियां भी उनके नाम दर्ज हैं। ड्रग फैक्ट्री के खुलासे के बाद पुलिस महकमे के साथ-साथ आमजन में भी उनकी कार्यशैली की सराहना की जा रही है।



फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स के कच्चे माल, सप्लाई चैन और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि मामले के तार एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।